हरियाणा के सोनीपत में एसटीएफ सोनीपत की टीम ने पांच हजार के इनामी बदमाश को अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मुरथल थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने आया था। आरोपी पानीपत के गांव डिडवाडी का रहने वाला बबलू है। उस पर विभिन्न थानों में 14 मुकदमे दर्ज रहे हैं। साथ ही उसकी इनामी राशि को पांच हजार से बढ़ाकर 50 हजार करने की संस्तुति भी भेजी गई थी।
एसटीएफ को सूचना मिली कि शातिर बबलू मुरथल क्षेत्र में आया है। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। एसटीएफ की टीम ने मुरथल औद्योगिक क्षेत्र से आरोपी को काबू कर लिया। उसके पास से 9 एमएम की पिस्तौल और तीन कारतूस मिले। उसकी पहचान बबलू के रूप में हुई। उसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, अवैध शस्त्र, दुष्कर्म और वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें : Sonipat Accident: पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, दो युवकों की मौत, बागपत के सिसाना के हैं दोनों
बबलू ने एसटीएफ को बताया कि वह पांच साल से भूमिगत है। इस दौरान वह नेपाल और उत्तराखंड में रहकर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था। उसका नशे का धंधा उत्तराखंड के साथ ही हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में फैला हुआ है। उसने अपना नशा तस्करी का गैंग बना रखा है। हरियाणा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
वहीं डीजीपी के पास 50 हजार रुपये का इनाम करने की संस्तुति की गई थी। बबलू पर थाना समालखा पानीपत में तीन, सिविल लाइन करनाल, घरौंडा करनाल, मतलौडा पानीपत, थाना सिटी पानीपत में तीन, थाना चांदनी बाग पानीपत में दो, राई सोनीपत में दो, दिल्ली नॉर्थ के थाना महेंद्रा पार्क, महेंद्रगढ़ के सतनाली और मुरथल थानों में विभिन्न मामले दर्ज हैं।