जीटी रोड पर मुरथल के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरों ने खिड़की तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि बैंक का सायरन बजने से चोर मौके से फरार हो गए। बैंक प्रबंधक ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बैंक प्रबंधक नरेंद्र ने मुरथल थाने में दी शिकायत में बताया कि चोरों ने बैंक की शाखा में चोरी का प्रयास किया है। नरेंद्र ने बताया कि चोरों ने रात को बैंक की शाखा में दो खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर लगी लोहे की ग्रिल को भी काट दिया था, लेकिन इससे पहले कि वह अंदर घुस पाते बैंक का सायरन बज गया। अचानक सायरन बजने से वह घबराकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने मामले से पुलिस व उन्हें अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें काबू कर लिया जाएगा।