पुलिस टीम मुरथल फ्लाईओवर पर कैंटर पलट जाने पर यातायात को नियंत्रित कर रही थी। रोडवेज चालक ने पहले पलटे हुए कैंटर में टक्कर मारी, उसके बाद बस डायल 112 से टकराई। डायल-112 का चालक चोटिल हो गया। रोडवेज चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोनीपत के राई क्षेत्र में एनएच-44 पर मुरथल फ्लाईओवर के ऊपर सड़क हादसे के बाद यातायात को नियंत्रित कर रही डायल-112 की टीम को एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने एक तरफ कूदकर जान बचाई, जबकि डायल 112 गाड़ी बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठा चालक चोटिल हो गया। पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस को यातायात सुचारु कराने में मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
मुरथल में फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात एक अनियंत्रित कैंटर पलट गया था। पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के बाद डायल-112 की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम फ्लाईओवर पर वाहनों को नियंत्रित कर रही थी। वाहनों को हादसे वाले कैंटर से बचाकर निकाला जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची।
बस का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। यह देखकर पुलिस टीम ने एक ओर कूदकर अपनी जान बचाई। रोडवेज बस पहले पलटे हुए कैंटर से टकराई, उसके बाद बस कैंटर को घसीटते हुए आगे निकल गई। उसकी टक्कर सीधे डायल-112 ईआरवी में लग गई। इससे डायल-112 ईआरवी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन
पुलिस वाहन में बैठा उसका चालक हरिओम शर्मा चोटिल हो गया। पुलिस वाहन के इंचार्ज सुरेश कुमार ने इसकी सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी। इस दौरान जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया। हाईवे से देर रात पुलिस वाहन, पलटे हुए कैंटर और रोडवेज बस को हटवाया गया।