पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवतियां।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडली थाना क्षेत्र स्थित टीडीआई मॉल के स्पा सेंटर में छापा मारकर पुलिस ने अनैतिक कृत्य करने के आरोप में पांच युवतियों व तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक की तलाश शुरू कर दी है। दिल्ली क्षेत्र से सटे कुंडली में अधिकारियों को स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य होने की सूचना मिली थी।
डीएसपी वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। पुलिस ने पांच युवतियों और तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों की पहचान दिल्ली निवासी पंकज, सोनीपत निवासी हन्नी व दीपक के रूप में हुई है। युवतियों व युवकों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। मामले में स्पा सेंटर संचालक अंकित नामक युवक फरार है। वहीं शाम को एकाएक हुई कार्रवाई से टीडीआई मॉल में भगदड़ मच गई। सेंटर में तलाशी में पुलिस को आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली हैं।
11 माह में सात स्पा सेंटर में पकड़ा अनैतिक कृत्य
कुंडली थाना क्षेत्र के दो मॉल में 11 माह के दौरान सात स्पा सेंटर में अनैतिक कृत्य पकड़ा गया है। पुलिस ने सबसे पहले 10 अगस्त 2020 को कुंडली के पारकर मॉल स्थित स्पा सेंटर से आठ युवतियों व चार युवकों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद 11 नवंबर 2020 को एक साथ पारकर मॉल में पांच स्पा सेंटर पर छापा मारा था।
वहां से 27 युवतियों व 17 युवकों को गिरफ्तार किया गया था। चार दिन पहले मुरथल के ढाबों से तीन विदेशी युवतियों समेत 17 को पकड़ा था। मुरथल स्थित तीन ढाबों से मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने चार दिन पहले छापा मारकर तीन विदेशी युवतियों समेत 12 युवतियों और पांच युवकों को गिरफ्तार किया था।