उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में आज यानी मंगलवार को लूट की एक वारदात हो गई। यहां नागल थाना क्षेत्र में गांव रणमलपुर के पास दो बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी से नकदी लूट ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़गांव निवासी अंकित कुमार पुत्र ब्रहम सिंह भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है और गांव दर गांव जाकर किस्त इकट्ठी करता है। पीड़ित के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह गांव ताजपुर से किस्त लेकर बाइक द्वारा रणमलपुर गांव जा रहा था। इसी दौरान गांव रणमलपुर के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उससे 24,500 रुपये एवं मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए।
सीओ देवबंद रजनीश उपाध्याय का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।