हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली बॉर्डर पर किसान आंदोलन स्थल के पास पंजाब के तरनतारन के लखबीर की नृशंस हत्या करने के मामले में निहंग जत्थेदार अमन सिंह की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में निहंग जत्थेदार का नाम आने के बाद पुलिस ने जत्थेदार अमन सिंह को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, जिसके बाद अमन सिंह की तरफ से अग्रिम जमानत याचिका लगाई गई थी।
कुंडली बॉर्डर पर तरनतारन स्थित गांव चीमा खुर्द के लखबीर सिंह (35) की दशहरे के दिन 15 अक्तूबर को तड़के हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप निहंगों पर लगा था। निहंगों ने लखबीर पर धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने का आरोप लगाया था। मामले में सरबजीत सिंह, भगवंत सिंह, गोविंद प्रीत व नारायण सिंह आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिन्हें जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार उनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में निहंग जत्थेदार अमन सिंह का नाम सामने आया था।
पुलिस ने अमन सिंह को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था। इसके बाद जत्थेदार ने पत्रकार वार्ता कर कहा था वह जांच में तब शामिल होंगे, जब 21 साल में हुए बेअदी के मामलों में जांच कराकर दोषियों को सजा दी जाएगी। पुलिस के अनुसार बाद में जत्थेदार अमन सिंह ने मामले को लेकर सोनीपत सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी, जिसमें कोर्ट ने नोटिस मिलने के बाद डीएसपी वीरेंद्र सिंह की टीम ने अपना पक्ष रखा था। उसके बाद सोनीपत की सेशन कोर्ट ने मंगलवार को अमन सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी गई है।
30 अक्तूबर को पत्रकारों से कहा था, पुलिस करना चाहती है गिरफ्तार
मामले में निहंग जत्थेदार अमन सिंह ने 30 अक्तूबर को पत्रकारों को बताया कि कुंडली थाना पुलिस उन्हें गिरफ्तारी देने को कह चुकी है, लेकिन वह तभी गिरफ्तारी देंगे, जब उनकी शर्तें सरकार पूरी करेगी। उन्होंने कहा था कि वर्ष 2001 से लेकर अब तक हुए बेअदबी के मामलों की जांच करवाई जानी चाहिए और उनके आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि लखबीर सिंह को यहां पर किसने भेजा था और इस पूरी घटना के पीछे क्या षड्यंत्र है।
केंद्रीय मंत्रियों के साथ फोटो वायरल होने पर चर्चा में आए थे अमन सिंह
कुंडली बॉर्डर पर पंजाब के लखबीर सिंह की नृशंस हत्या के बाद केंद्रीय मंत्रियों के साथ फोटो वायरल होने पर निहंग जत्थेदार अमन सिंह चर्चा में आए थे। केंद्रीय कृषि मंत्री समेत अन्य के साथ उनके फोटो वायरल हो गए थे।
लखबीर हत्याकांड में अमन सिंह का नाम सामने आने के बाद जांच में शामिल होने का नोटिस दिया गया था, जिस पर अमन सिंह ने सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। इसके बाद अमन सिंह की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। - वीरेंद्र सिंह, डीएसपी कुंडली