सोनीपत में मानवता को शर्मसार करने का और एक मामला सामने आया है। गांव खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज अस्पताल के खेतों में एक नवजात बच्ची को फेंक दिया गया। जहां से कुत्ता उसे नोचने के बाद मुंह में दबाकर अस्पताल के गेट नंबर-2 पर पहुंच गया। जहां सिक्योरिटी गार्ड की निगाह पड़ी तो उसने कुत्ते के चंगुल से नवजात को छुड़वाया, हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। खानपुर महिला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कहल्पा निवासी मदन सिंह ने महिला थाना खानपुर कलां पुलिस को बताया कि वह भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर कलां में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। वह सोमवार देर शाम गेट नंबर दो पर मौजूद थे। इसी दौरान खेतों की तरफ से एक कुत्ता मुंह में नवजात बच्चे को दबाकर गेट की तरफ आ गया। जब उन्होंने कुत्ते को देखकर धमकाया तो वह मुंह में दबाए नवजात को मौके पर गिराकर भाग गया। उन्होंने तुरंत बच्चे को उठाया और अधिकारियों को अवगत कराया।
बच्चे की मौत हो चुकी थी। उसके चेहरे को नोचा गया था। जिस पर मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद महिला थाना प्रभारी सुदेश कुमारी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ भादंसं की धारा 316 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवजात के परिजनों की पहचान के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के क्षेत्र में नवजात के परिजनों का पता लगाया जाएगा। वहीं सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।