गांव दीपालपुर में रजवाहे के निकट हुए ब्लाइंड मर्डर के मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। व्यक्ति को उसके भांजे ने ही दोस्त के साथ मिलकर दो गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। आरोपी ने प्रॉपर्टी हथियाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। अवैध हथियार सहित पुलिस के हत्थे चढ़े युवक ने पूछताछ में मामा ही हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने व्यक्ति को नशे की गोली खिलाकर यहां लाने और उसके बाद हत्या करने का खुलासा किया है।
गांव दीपालपुर के बाहर रजवाहे के निकट आठ जनवरी की सुबह एक व्यक्ति का शव मिला था। उसके सिर में दो गोलियां मारकर हत्या की गई थी। पुलिस जांच में शव की शिनाख्त यूपी के जिला बागपत के गांव रठोड़ा निवासी राजेंद्र खोखर के रूप में हुई। इसके बाद बहालगढ़ चौकी प्रभारी सुरेश कुमार व एएसआई सुमेर की टीम ने एक युवक को अवैध हथियार सहित काबू किया। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव सरुरपुर निवासी कैलाश के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने करीब दो सप्ताह पहले दीपालपुर के पास अपने मामा राजेंद्र खोखर की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी गांव जगदीश उर्फ देव उर्फ मजनू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इस पर पुलिस ने जगदेव को भी काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
प्रॉपर्टी बन गई राजेंद्र की जान दुश्मन
राजेंद्र के माता-पिता व चार भाइयों और दो बहनों की पहले ही मौत हो चुकी है। साथ ही जब राजेंद्र का शव मिला था तो उसके दाहिने हाथ के अंगुठे पर स्याही लगी मिली थी। इससे पुलिस को शक हो गया था कि मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हो सकता है। जांच में सामने आया कि राजेंद्र के नाम पर गांव में एक मकान व छह बीघा जमीन तथा बड़ौत में एक प्लाट हैं। वह अविवाहित है। इसी प्रॉपर्टी को हथियाने के लिए कैलाश ने मामा की हत्या का षड्यंत्र रच डाला।
व्यक्ति को नशीला पदार्थ खिलाकर लाए थे आरोपी
आरोपी कैलाश ने पुलिस को बताया कि वह अपने मामा को गांव से वैन में लेकर आए थे। वह सात जनवरी की रात को अपने मामा को लेकर आया था। रास्ते में अपने मामा को नशीला पदार्थ खिला दिया। बहालगढ़ के पास आने के बाद फिर से उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेसुध हो गया था। बाद में दीपालपुर रजवाहे के पास उसे कार से नीचे उतार दिया और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी।
दीपालपुर के पास व्यक्ति की हत्या के मामले में एक आरोपी को अवैध हथियार सहित काबू किया था। प्रॉपर्टी को लेकर उसने साथी संग मिलकर अपने मामा की हत्या कर दी थी। दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिससे वारदात में प्रयुक्त वैन व अन्य सबूत जुटाए जा सकें।
ऋषिकांत, राई थाना प्रभारी