हत्या के षड्यंत्रकारी नवीन उर्फ छोटा ने सीआईए के सामने रिमांड अवधि के दौरान साथियों के साथ मिलकर हत्या की चार और वारदात कुबूली हैं। उसने मुजफ्फरनगर जेल में साजिश रचकर रंजिश के चलते गांव के दो लोगों को शराब में जहर पिलाकर हत्या करने की बात कही है। वारदात से पहले उसने जेल से ही फोन कर अपने दोस्त को बुलाकर हफिजी नाम के व्यक्ति से 25 हजार रुपये में जहर खरीदा था। इसके अलावा रंजिश में ही तीसरे व्यक्ति की दुभेटा के पास नहर में डुबोकर हत्या की थी। इससे पहले गांव के ही एक युवक की गोली मारकर हत्या की थी। इस पर पुलिस ने आरोपी व उसके साथियों पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गांव कटवाल निवासी महेंद्र ने 24 जुलाई को सदर थाना गोहाना पुलिस को शिकायत दी थी कि दीपक उर्फ कुक्कु, विक्की, सौरभ, रोहित व लाला ने उसके बेटे अजय की डंडों से पीटकर हत्या कर दी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
फिलहाल मामले की जांच सीआईए स्टाफ गोहाना की टीम कर रही है। सीआईए की टीम ने बुधवार को इस मामले में षड्यंत्रकारी नवीन उर्फ छोटा को गिरफ्तार किया है। इसके बाद वीरवार को उसे न्यायालय में पेश करके सात दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। रिमांड अवधि के दौरान ही नवीन ने चार और हत्या करने की बात कुबूली हैं।
पुरानी रंजिश के चलते नवीन ने दिया वारदात को अंजाम
नवीन उर्फ छोटा ने पुलिस को बताया कि उसकी गांव के ही मोनू के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश में दोनों पक्षों के कई लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। वह मोनू से बदला लेना चाहता था। इसके लिए उसने उसके चाचा राजेश उर्फ राजू व रणबीर की हत्या करने का षड्यंत्र रचा था। नवीन ने बताया कि वह मोनू के भाई सोनू व उसके दो साथियों की हत्या के मुकदमे में वर्ष 2019 में मुजफ्फरनगर जेल में बंद था। वहां उसकी बैरक में मुजफ्फरनगर का ही सचिन भी बंद था, जो आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
सचिन ने उसे बताया था कि बदायूं पुलिस लाइन के पीछे हफिजी नाम का व्यक्ति ऐसा जहर देता है, जिसको शराब में मिलाकर किसी भी आदमी को पिला दे तो उसकी कुछ समय बाद मौत हो जाती है। यही नहीं शराब पीने वाले को जहर के बारे में पता भी नहीं चलता है। नवीन के अनुसार जेल के अंदर से सचिन ने उसकी फोन पर हफिजी से बात करवाई थी। हाफिजी ने उससे 25 हजार रुपये मांगे थे और जेल के पास आकर उसके किसी साथी को जहर देने की बात कही थी।
बाद में उसने अपने दोस्त गांव भैंसवाल कलां के ही साहिल उर्फ जंगजीत से जेल के अंदर से ही बात की थी और उसे जेल के बाहर बुला लिया था। उसी दिन हफिजी को भी मुजफ्फरनगर जेल में बुला लिया था। जेल में उसने दोनों से मुलाकात की थी। इसके बाद साहिल ने 25 हजार रुपये में हाफिजी से जहर ले लिया था। उसने साहिल को जहर की पुड़िया अपने पास रखने की कही थी। बाद में जब वह फरवरी 2020 में मुजफ्फरनगर जेल से जमानत पर बाहर आ गया था।
इसके बाद उसने जुलाई 2020 में अपने दोस्त आट्टा जौरासी निवासी दीपक उर्फ कुकु के साथ गांव भैंसवाल कलां में मोनू के मकान में घुसकर उसके चाचा रणबीर को डरा-धमकाकर जबरदस्ती शराब में जहर पिला दिया था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी। उसके बाद कुछ दिन बाद जब मोनू का चाचा राजेश उर्फ राजू ऑटो लेकर गांव बीधल से भैंसवाल कलां की तरफ अकेला जा रहा था तो रास्ते में उसने दीपक उर्फ कुकु व सोनीपत निवासी विक्की के साथ मिलकर राजू को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया था। उसकी भी कुछ समय बाद मौत हो गई थी। उस समय उनकी मौत इत्तफाकिया मानी गई थी।
यह भी पढ़ें : ऐलनाबाद उपचुनाव: आज 1 लाख 86 हजार मतदाता करेंगे 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सात बजे से 211 केंद्रों पर होगा मतदान
मोनू के दोस्त के चाचा की नहर में डूबोकर की थी हत्या, गांव के ही युवक को मारी थीं गोलियां
नवीन उर्फ छोटा ने बताया कि मोनू का दोस्त गांव कटवाल निवासी सुमित भी उनके पक्ष के लोगों की हत्या करने में शामिल रहा है। वह फिलहाल जेल में बंद है। ऐसे में उसने सुमित से बदला लेने के लिए उसके परिवार के लोगों की हत्या करने की ठान ली थी। इसको लेकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव भैंसवाल कलां के पवन की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। बाद में उसने अपने साथी कटवाल निवासी सोनू को सुमित के परिवार के सदस्यों की मुखबिरी करने के लिए कह दिया था। उसने सितंबर 2020 में उसे बताया था कि सुमित का चाचा जोगेंद्र गांव कटवाल के पास दुभेटा ड्रेन की पटरी पर अकेला बैठा हुआ है। सूचना के बाद वह अपने दोस्त ठरू निवासी कृष्ण, जींद जिले के खरक रामजी निवासी शीला व उसके दोस्त फौजी गांव बुटाना निवासी सचिन की कार में गांव कटवाल के पास दुभेटा ड्रेन के पास पहुंचे थे। वहां सुमित का चाचा जोगेंद्र बैठा मिला, जिसकी उन सभी ने पानी में डुबोकर हत्या की और शव को ड्रेन में डाल दिया था। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए थे।
आरोपी नवीन उर्फ छोटा ने रिमांड अवधि के दौरान पुरानी रंजिश में चार हत्या करने की बात कुबूली है। उसी के आधार पर नवीन व उसके दोस्तों पर विभिन्न धाराओं के तहत सदर थाना गोहाना में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आरोपी नवीन से भी पूछताछ की जा रही है। - जलजीत सिंह, सीआईए स्टाफ गोहाना