मोहित पर हुए हमले में जयदीप के शामिल होने का था शक
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में रोहित ने बताया है कि 24 जून की देर रात खनन कंपनी के मैनेजर गांव मछरौला निवासी मोहित पर हमला हुआ था। हमला करने का आरोप बख्तावरपुर के विपिन और फोता व मेहंदीपुर के मौनी पर लगा था। उन्होंने मोहित पर पिस्तौल गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन गोली नहीं चलने से उसकी जान बच गई थी। उसे शक था कि विपिन को उसके खनन कंपनी में होने की जानकारी जयदीप ने दी है। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात से पहले बंद कर थी लाइट और सीसीटीवी कैमरे
हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले खनन कंपनी की लाइट और सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था। जिससे सीसीटीवी में वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। जब पुलिस जांच के लिए पहुंची थी तो सीसीटीवी कैमरा बंद किए जाने का पता लगा था। जिससे शक हो गया था कि हत्या में कोई करीबी शामिल हो सकता है। जिसे पता था कि खनन कंपनी में सीसीटीवी व लाइट कहां से बंद की जा सकती है। पुलिस ने शक के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया तो मामले का खुलासा हो गया।
मोहित की गिरफ्तारी के बाद विपिन से रंजिश का लगेगा पता
पुलिस का कहना है कि मोहित व विपिन की रंजिश के बारे में रोहित को ज्यादा पता नहीं है। मोहित की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि विपिन व उसके साथी उस पर हमला करने के लिए किस रंजिश के चलते आए थे। अब पुलिस मोहित व उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
8 से 10 थी हमलावरों की संख्या
पुलिस की जांच में पता लगा है कि जयदीप पर हमला करने वालों की संख्या 8 से 10 थी। मामले में गिरफ्तार रोहित ने भी डंडे से जयदीप पर हमला किया था। वारदात में शामिल अन्य हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उनको जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
रेत खनन कंपनी में स्टॉक इंचार्ज की हत्या खनन कंपनी के मैनेजर ने अन्य कर्मियों के साथ मिलकर की थी। उसे शक था कि उस पर हमला करने वालों को उसके खनन कंपनी में होने की जानकारी जयदीप ने ही दी है। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी व उसके साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर सुनील कुमार, प्रभारी, सीआईए-2 सोनीपत।