हरियाणा के सोनीपत के गांव ककरोई में चोरों ने पुलिसकर्मी के घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने घर की अलमारी तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव ककरोई निवासी सचिन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली उद्योग विभाग में कार्यरत है। उनके पिता रणवीर सिंह दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं।
सोमवार को वह दोनों ड्यूटी पर चले गए थे। सचिन ने बताया कि उनके ताऊ के घर पर हवन था। उसकी मां हवन में शामिल होने के चली गई थीं। उस समय घर का दरवाजा बंद था। दोपहर में हवन से आने के बाद वह घर के बाहरी कमरे में आराम करने लगीं। शाम को वह घर में अंदर पहुंची तो वहां का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने एक कमरे में रखी अलमारी के से सोने का हार, कानों की बालियां, बेड के गद्दे के नीचे रखे पर्स से नौ हजार रुपये, दीवार में बनाई गई अलमारी में से 20 हजार रुपये, दो तोले सोने की चेन चोरी कर ली। वहीं स्टोर में रखे संदूक से चोरों ने तीन तोला सोने के दो कंगन, दो सोने की अंगूठी, कानों के टाप्स और घर के मंदिर से 500 रुपये चोरी कर लिए। चोरी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।