फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: साइबर ठगों को पकड़ने दिल्ली गई हरियाणा पुलिस, मिली एक करोड़ की 1.30 किलो हेरोइन, चार युवतियां गिरफ्तार

Tue, 01 Feb 2022 08:57 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

हेरोइन की कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। सोनीपत पुलिस ने दिल्ली के द्वारका थाना के मोहन गार्डन क्षेत्र के फ्लैट पर दबिश दी। मौके से चार युवतियां पकड़ी गई। साइबर ठगी के उपकरण भी वहां से बरामद हुए। तीन युवतियों को दिल्ली व एक को सोनीपत पुलिस ने रिमांड पर लिया।
विज्ञापन
साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार युवती पुलिस टीम के साथ। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के द्वारका थाना के मोहन गार्डन स्थित फ्लैट में साइबर ठगी के आरोपियों को पकड़ने गई सोनीपत सीआईए-1(हरियाणा पुलिस) की टीम ने 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन भी बरामद की। पुलिस ने मौके से चार युवतियों को गिरफ्तार किया है। चारों युवतियां साइबर ठगी और मादक पदार्थों की तस्करी में आरोपी हैं। सीआईए-1 की शिकायत पर द्वारका थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी का मुकदमा दर्ज कर तीन युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक युवती को सोनीपत पुलिस गिरफ्तार कर लेकर आई है।

विज्ञापन


सीआईए-1 प्रभारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि देव नगर के रहने वाले अनिल कुमार के पास पांच अक्तूबर, 2021 को मुकदमा दर्ज कराया था कि उसके पास एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाली युवती ने कहा था कि वह एसबीआई क्रेडिट कार्ड विभाग से है। क्रेडिट कार्ड अपग्रेड किए जा रहे हैं, इसके लिए डाटा वेरिफाई कराना होगा। फोन करने वाली युवती ने उसकी जन्मतिथि व पेन नंबर बताकर उसे विश्वास में ले लिया था।

उसने उसे झांसे में लेकर ओटीपी नंबर पूछ लिया था। हाउसिंग डॉट कॉम पर उनके साथ एक लाख 41 हजार 569 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मोबाइल से ठगी की गई थी, उसमें अब दूसरा नंबर डालकर चलाया जा रहा था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पाया कि वह दिल्ली में चल रहा था। 
विज्ञापन


सीआईए-1 की टीम इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार के नेतृत्व में दिल्ली गई। उनके साथ में सिटी थाना पुलिस की टीम भी थी। दिल्ली से द्वारका थाना पुलिस की टीम को साथ लिया गया। संयुक्त टीम मोहन गार्डन क्षेत्र में एक फ्लैट पर पहुंची। पुलिस ने साइबर ठगी की आरोपी उत्तम नगर दिल्ली की कीर्ति को गिरफ्तार कर लिया। कीर्ति ने पुलिस को बताया कि ऊपर फ्लैट में उसकी तीन अन्य साथी भी हैं।

टीम ने फ्लैट के अंदर से दिल्ली की रहने वाली किरन, प्रीति और शिवानी को गिरफ्तार कर लिया। फ्लैट में साइबर ठगी के लिए कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। वहां से काफी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कई इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गईं। फ्लैट से ही एक किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। 

मादक पदार्थ तस्करी का मुकदमा दिल्ली में हुआ दर्ज 

सोनीपत पुलिस की शिकायत पर द्वारका थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी का मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें किरन, प्रीति और शिवानी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं सोनीपत पुलिस ने साइबर ठगी में कीर्ति को गिरफ्तार कर लिया। अब प्रीति, किरन और शिवानी को सोनीपत पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी और कीर्ति को दिल्ली पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएगी। पुलिस पूछताछ में कीर्ति ने बताया कि वह चारों ही साइबर ठगी व मादक पदार्थ तस्करी में शामिल थीं। साइबर ठगी और मादक पदार्थ तस्करी का गैंग चलाने के मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश में सीआईए-1 की टीम छापा मार रही है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। 

साइबर ठगों की तलाश में हमारी टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की थी। दिल्ली के द्वारका थाना स्थित फ्लैट से साइबर ठगी के साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी भी की जा रही थी। वहां से एक किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। तीन युवतियों को द्वारका थाना पुलिस ले गई है, जबकि चौथी युवती को सोनीपत न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। दिल्ली से तीनों युवतियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। - राहुल शर्मा, एसएसपी सोनीपत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें