हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे के गांव खानपुर कलां निवासी पशु चिकित्सक से दो लोगों ने 20 ही दिन में आयुर्वेद विभाग का चेयरमैन बनाने के नाम पर 50 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि उन्होंने उसे चेयरमैन नहीं बनवाया और अब उनके फोन नंबर भी बंद आ रहे हैं। अब पशु चिकित्सक ने एसपी को शिकायत दी, जिस पर शहर थाना पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डॉ. जयप्रकाश के अनुसार, बड़ी रकम होने के चलते उसे दिक्कत आ रही थी। इसको लेकर उसने दोनों को भी बताया और एकदम रुपये न देने की बात कही। इस पर दोनों ने कहा कि 25 लाख रुपये दो दिन में दे दो। इसके बाद बाकी रुपये 20 दिन तक दे देना। इसके लिए वह सहमत हो गया। इसके बाद उसने परिवार वालों से बात करके दोस्तों व रिश्तेदारों से किसी तरह से 25 लाख रुपये का इंतजाम किया।
डॉ. जयप्रकाश का कहना है कि प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग दो दिन बाद गोहाना में आकर 25 लाख रुपये नकद लेकर चले गए। इसके 15 दिन बाद दोनों ने उसे फिर से फोन किया और रुपये का इंतजाम करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि उनका काम जल्द ही हो जाएगा। इस पर उसने बाकी के 25 लाख रुपये अपने एक साथी पवन वत्स से उधार में लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे रुपये लेकर गोहाना आने की बात कही।
गांव खानपुर कलां निवासी पशु चिकित्सक ने आयुर्वेद विभाग का चेयरमैन बनाने के एवज में 50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इसको लेकर एसपी कार्यालय से उसकी शिकायत मिली है, जिस पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप दीक्षित और चतुर्भुज गर्ग के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - इंस्पेक्टर बदन सिंह, शहर थाना प्रभारी, गोहाना