गांव बजाना खुर्द में घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई करते गन्नौर थाना प्रभारी धीरज कुमार व उनकी टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर कस्बे के गांव बजाना खुर्द में बेरहम पिता ने अपनी आठ साल की मासूम बेटी को बांधकर उसकी डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी। बाद में वह बच्ची को कमरे में बंद कर भाग गया। मासूम का कसूर बस इतना था कि उसने पिता के कहे अनुसार घर में मुर्गियों को दाना-पानी नहीं दिया था। पड़ोसी ने मासूम को कमरे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पड़ोसी के बयान पर बच्ची के पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गांव बजाना खुर्द निवासी जय भगवान की पत्नी की दो साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने तीन बच्चों के साथ घर पर रहता है। खुबडू चौकी प्रभारी मनजीत ने बताया कि शनिवार को जयभगवान घर से बाहर गया था। उसकी बेटी तमन्ना (8) व उसके दो भाई-बहन घर पर ही थे। जयभगवान अपने घर में मुर्गी पालन करता है।
जय भगवान ने घर से बाहर जाते समय तमन्ना को मुर्गियों को दाना-पानी देने के लिए कहा था। मासूम तमन्ना खेल-खेल में मुर्गियों को दाना-पानी डालना भूल गई। जब जयभगवान लौटा तो उसे पता चला कि तमन्ना ने मुर्गियों को दाना-पानी नहीं दिया है। इस पर उसे गुस्सा आ गया। उसने तमन्ना के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे डंडे से बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया।
बच्ची की चीख पुकार सुनकर उनका पड़ोसी कपिल जब मौके पर पहुंचा तो जय भगवान अपनी बेटी को पीटने के बाद एक कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया। कपिल ने दूसरे पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला तो वहां तमन्ना बेसुध हालत में पड़ी मिली।
उन्होंने उसे संभाला तो उसकी मौत मौत हो चुकी थी। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर सुबूत भी एकत्रित कराएं हैं।
गांव बजाना खुर्द में बेटी की बेरहमी से पीटकर हत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया है। पड़ोसी ने बच्ची के पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि मुर्गियों को दाना-पानी नहीं देने पर आरोपी ने बच्ची की बुरी तरह पिटाई कर दी और कमरे में बंद कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सच्चाई का पता लग सकेगा। - धीरज कुमार, थाना प्रभारी, गन्नौर