गाय की हत्या की हत्या की जानकारी मिलने के बाद गांव पहुंचे गोरक्षकों ने हंगामा किया। गांव उल्देपुर में किसान अजेश के खेत में गाय घुस गई थी। आरोप है कि पहले गाय को बुरी तरह पीटा, फिर गले में रस्सी डालकर खींचने से मौत हो गई।
हरियाणा के सोनीपत के गांव उल्देपुर के एक खेत में घुसी गाय को किसान ने पहले डंडे से पीटा फिर उसके गले में रस्सी बांधकर खींचा। गला घुटने से गाय की मौत हो गई। पड़ोसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गाय की हत्या की सूचना मिलने के बाद गोरक्षकों ने हंगामा कर दिया, लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत करवा दिया।
विज्ञापन
गांव उल्देपुर निवासी किसान सुरेश कुमार ने सदर पुलिस में बताया कि उनके पड़ोस में गांव के ही अजेश का खेत है। उनके गांव में काफी गोवंश रहते हैं। गोवंश बाहर पंचायती जमीन में घास चरते हैं। शनिवार शाम को वह अपने खेत में जा रहा था तो अजेश के गेहूं की फसल में एक गाय चर रही थी।
इसी बीच अजेश आया और लाठी से गाय को पीटने लगा। उसने गोवंश को काफी मारा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी। अजेश ने उसके गले में रस्सी डालकर उसे खींचने शुरू कर दिया, जिससे गोवंश का दम घुटने से मौत हो गई। सुरेश ने वारदात की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरेश ने पुलिस से गोवंश का पोस्टमार्टम करवाकर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
जिस पर पुलिस ने सुरेश के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना का पता लगने पर गोरक्षक गांव पहुंचे और रोष जताया। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने व ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद गोरक्षक शांत हुए। गोवंश को पशु अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी मनोज कुमार की टीम ने आरोपी अजेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गांव उल्देपुर में किसान के खेत में घुसने पर गोवंश को मारने की शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।- देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत