हरियाणा के सोनीपत के गांव फतेहपुर में अपने पिता के सिर पर राड से प्रहार कर हत्या करने के आरोपी को एसटीएफ ने 21 साल बाद गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम रखा था। भागने के दौरान आरोपी विभिन्न राज्यों में रूप बदलकर फल बेचने से लेकर वाहन चालक तक का काम करता रहा। एसटीएफ ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया।
गांव फतेहपुर निवासी लक्ष्मी देवी ने 3 दिसंबर 2000 को सदर थाना पुलिस को बताया था कि उसके पति बलबीर को बेटे महेश ने सिर पर राड मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उन्होंने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था। पुलिस ने लक्ष्मी देवी के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। वारदात के बाद महेश भाग गया था।
कोर्ट ने उसकी गिरफ्तार के लिए वर्ष 2001 में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में मामले को एसटीएफ को सौंप दिया गया था। एसटीएफ इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि पिता की हत्या करने के बाद आरोपी महेश दिल्ली, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर रूप बदलकर रहता रहा। एसटीएफ ने आरोपी को सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
विधवा से कर ली थी शादी
भागने के दौरान आरोपी की मुलाकात दिल्ली में दो बच्चों की मां से हुई थी। वह विधवा हो चुकी है। आरोपी ने विधवा से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। उसके बाद उसके साथ रहने लगा था।
पिता की हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। - प्रवीण कुमार, प्रभारी, एसटीएफ सोनीपत