हरियाणा के सोनीपत में न्यायालय परिसर में गवाही देने आए वेदप्रकाश की हत्या के लिए हथियार यूपी के मुजफ्फरनगर के गांव लालूखेड़ा के अर्जुन ने उपलब्ध कराए थे। सीआईए-1 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी की मुकीमपुर के राहुल से जान पहचान थी। राहुल व हत्या का मुख्य आरोपी अंकुश उससे हथियार लेकर आए थे।
गांव मुकीमपुर निवासी वेदप्रकाश ने अपने पड़ोसी व साथी विजयपाल की बेटी से दिसंबर 2020 में प्रेम विवाह कर लिया था। आरोप है कि इससे नाराज होकर विजयपाल ने झूठी शान के लिए जुलाई 2021 में अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। पत्नी की हत्या के मामले में गांव मुकीमपुर का वेद प्रकाश 22 अप्रैल को गवाही देने कोर्ट आया था।
कोर्ट परिसर में अधिवक्ता के चैंबर के बाहर वेदप्रकाश की भी हत्या कर दी गई थी। मामले में विजयपाल व अन्य पर हत्या व षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में सीआईए-1 प्रभारी बिजेंद्र कुमार की टीम ने गांव रोहणा निवासी अंकुश को गिरफ्तार कर लिया था। अंकुश मुकीमपुर के विजयपाल का भांजा है। अंकुश ने बताया था कि वेदप्रकाश की पहचान मुकीमपुर निवासी राहुल ने कराई थी। पुलिस ने राहुल को भी काबू कर लिया था।
राहुल मुकीमपुर के विजयपाल का दोस्त है। अंकुश व राहुल से पूछताछ में पुलिस को पता लगा था कि वारदात के लिए हथियार अर्जुन ने उपलब्ध कराए थे। आरोपी घटना के बाद भूमिगत हो गया था। सीआईए-1 की टीम ने आरोपी अर्जुन को शुक्रवार रात को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कोर्ट परिसर में गवाह की हत्या करने के मामले में हथियार उपलब्ध कराने के आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
- इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार, प्रभारी, सीआईए-1