हरियाणा के सोनीपत के गांव बड़वासनी में गांव के जोहड़ के पास स्थित धार्मिक स्थल पर जा रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक दिन पहले हुई कहासुनी की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या का आरोप गांव के ही दो युवकों पर लगा है। इससे गांव में दोनों पक्षों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
गांव बड़वासनी निवासी अशोक कुमार ने पुलिस का बताया कि उसका बेटा पंकज (21) गुरुवार शाम गांव के बाहर धार्मिक स्थल दादा खंखा वासी पर ज्योत लगाने के लिए बाइक से गया था। एक दिन पहले उसे पंकज ने बताया था कि गांव के ही गोली ने उसके साथ बिना कारण झगड़ा किया है।
उसने बच्चों का झगड़ा मानकर इसे अनसुना कर दिया था। जब पंकज ज्योत लगाकर काफी देर तक घर नहीं आया तो वह दादा खंखा वासी पर पहुंचा। उसने देखा कि जोहड़ के पास गांव का गोली उसके बेटे पर चाकू से वार कर रहा था। वहीं गांव का निखिल उसके साथ खड़ा था।
उसे देखकर दोनों धमकी देते हुए भाग गए। उसने देखा तो उसके बेटे के सीने, पासू, पेट व आंख पर चोट के निशान थे। वह अपने बेटे को लेकर एक निजी अस्पताल में गया, जहां पर उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसको सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सामान्य अस्पताल में चिकित्सक ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार उस पर चाकू के करीब चार से छह वार किए गए हैं। पुलिस ने पंकज के पिता अशोक के बयान गोली व निखिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इकलौता बेटा था पंकज
पंकज अपने पिता का इकलौता बेटा था। अब परिवार में उसकी एक बहन रह गई । उसकी मौत से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार पंकज मृदुभाषी और मिलनसार था।
एक दिन पहले हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार गांव के गोली नाम के युवक से एक दिन पहले किसी बात को लेकर पंकज का झगड़ा हो गया था। उनकी हाथापाई हो गई थी। बाद में उनका बीच बचाव कर दिया गया था। उसी रंजिश में पंकज पर हमला करने का आरोप लगा है।
बड़वासनी में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश के लिए सदर थाना के साथ ही सीआईए की टीम भी लगी हुई हैं। - आईपीएस दीप्ति गर्ग, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत