हरियाणा के सोनीपत में जागसी-गंगाणा संपर्क मार्ग पर दिनदहाड़े किसान से छह लाख रुपये लूटने के मामले में नया मोड़ आया है। पूछताछ के दौरान शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई।
हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव जागसी निवासी किसान ने कर्ज व बैंक लोन न चुकाने के लिए खुद ही छह लाख रुपये की लूट का षड्यंत्र रचा था। किसान से मामले की जानकारी लेते हुए बयानों पर शक होने के बाद बरोदा थाना पुलिस व सीआईए स्टाफ की टीम ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो मामले से पर्दा उठ गया। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गांव जागसी निवासी ब्रह्मप्रकाश ने सोमवार को पुलिस को बताया था कि उसका गांव में ही एसबीआई की शाखा में खाता है। उसने अपने खाते से रुपये निकलवाकर गांव बुटाना स्थित पीएनबी की शाखा में कृषि कार्ड के संबंध में जमा कराने थे।
इसको लेकर वह दोपहर करीब पौने एक बजे जागसी के एसबीआई की शाखा से छह लाख रुपये निकलवाकर बुटाना स्थित बैंक में जमा करवाने के लिए बाइक पर जा रहा था। जागसी-गंगाणा संपर्क मार्ग पर नकाबपोश चार युवकों ने तमंचा अड़ाकर उससे पैसे छीन लिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
विज्ञापन
बरोदा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने ब्रह्मप्रकाश की शिकायत पर सीआईए स्टाफ की टीम के साथ जांच शुरू की। इस संबंध में संयुक्त टीमों ने ब्रह्मप्रकाश से गहनता से पूछताछ की। पूछताछ में संदेह होने पर टीमों ने ब्रह्मप्रकाश से सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद ही लूट का षड्यंत्र रचने की बात कुबूल कर ली।
थाना प्रभारी नीरज कुमार के अनुसार ब्रह्मप्रकाश ने काफी लोगों से कर्ज लिया हुआ था। इसके अलावा उसने बैंक से भी लोन लिया हुआ है। इसे लेकर लेनदार उसके घर आकर रुपये मांग रहे थे। ऐसे में कर्ज व बैंक का लोन न चुकाने के लिए उसने खुद ही लूट का षड्यंत्र रच दिया। इससे पहले उसने बैंक से निकलवाए रुपये अपने घर में ही ले जाकर रख दिए थे। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।