रेलवे ट्रैक पर मिला युवती का शव, आत्महत्या का अंदेशा, परिजनों ने हत्या से भी नहीं किया इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव छतेहरा रेलवे ओवरब्रिज के निकट रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला है। रेलवे पुलिस ने इसे आत्महत्या मानकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रेलवे पुलिस ने शव का बिसरा भी जांच को भेजा है। वहीं युवती के परिजन उसकी हत्या किए जाने से भी इंकार भी नहीं कर रहे हैं। रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
मंगलवार की रात राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि बंदेपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच में युवती की पहचान कबीरपुर निवासी मनीषा (21) के रूप में हुई। मनीषा कंप्यूटर सेंटर में पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार को वह संस्थान में जाने के लिए निकली थी। हालांकि वह घर नहीं लौटी तो परिजन इसकी शिकायत लेकर सदर में भी गए थे। पुलिस अभी जांच कर रही थी कि इसी बीच परिजनों को मनीषा का शव रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। रेलवे पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने इसे हत्या का मामला होने से भी इंकार नहीं किया है। साथ ही दो युवकों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपे हैं।
वर्जन
देर रात युवती का शव ट्रैक पर होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया था। बिसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों ने जिन युवकों के मोबाइल नंबर दिए है उनके बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
-ताराचंद, प्रभारी, थाना जीआरपी।