मोबाइल विक्रेता के परिजनों ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो,
कुंडली। कुंडली थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रहीं है, और पुलिस उनपर रोक लगाने में पूरी तरह से नाकाम दिख रही है। बदमाशों ने जिस मोबाइल दुकान मालिक धर्मबीर से लूट करने के बाद गोली मारी है, उसके परिजनों ने कुंडली पुलिस पर आरोप लगाया है कि प्याऊ मनियारी स्थित उनकी मोबाइल शॉप में सात माह पहले सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान चोरी किया गया था। चोरी किए मोबाइल में कई फोन बाद में भी एक्टिवेट हुए तो पुलिस को जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की जा सकी। शायद इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके साथ फिर से वारदात कर डाली।
कुंडली थाना क्षेत्र में तीन सप्ताह के अंदर गोली मारकर लूटपाट करने के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिसमें दोनों ही मामलों में पुलिस अपराधियों तक पहुंच पाने में विफल रही है। 16 अक्तूबर को कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित थाने की पुरानी बिल्डिंग के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मारकर साढ़े तीन लाख रुपये लूटे थे। गोली लगने से गांव असावरपुर निवासी धर्मबीर ने छह दिन बाद दम तोड़ दिया था। वह सिंघु बॉर्डर स्थित मूलचंद श्रीपाल जैन पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता था और घटना के दिन नकदी जमा कराने जा रहा था। वहीं दूसरा मामला धर्मबीर के साथ हुआ। 7 नवंबर की रात को धर्मबीर को गोली मारकर 50 हजार लूटे गए थे। दोनों मामलों में अभी तक पुलिस कोई ठोस सुराग तलाश करने में विफल रही है।
स्थिर है धर्मबीर की हालत
गोली लगने के बाद दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार ले रहे उसके भाई धर्मबीर की हालत में अभी भी कोई ठोस सुधार नहीं हो सका है। बेशक आप्रेशन कर उनकी गोली निकाली जा चुकी, लेकिन अभी भी उनकी हालत को संतोषजनक नहीं कहा जा सकता।
कुंडली में हुई वारदात
-7 नवंबर को मोबाइल विक्रेता को गोली मारकर 50 हजार लूटे।
-26 अक्तूबर को कुंडली में युवक से जीप और नकदी लूटी।
-17 अक्तूबर को अमेजन कंपनी का सामान लेकर जा रहे चालक से नाथूपुर के पास लाखों की लूट।
-17 अक्तूबर को सबौली के पास व्यापारी से 83 हजार लूटे।
-16 अक्तूबर को कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मारकर साढ़े तीन लाख लूटे।
-10 अक्तूबर को बारोटा के पास युवक से मोबाइल लूटा।
वर्जन
लूट की वारदातों को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। कई वारदातों को सुलझाया भी गया है। गोली मारकर लूटपाट करने की दो वारदातों में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। जल्द सुराग लगाकर बदमाशों को काबू किया जाएगा।
देवी सिंह, कार्यकारी थाना प्रभारी, कुंडली।