सीएम के रोड शो में नेता व व्यापारियों की जेब कटी, व्यापारी के एक लाख उड़ाए
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सीएम मनोहर लाल खट्टर के शनिवार शाम को हुए रोड शो का जेब कतरों ने खूब फायदा उठाया। जेब कतरों ने रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही व्यापारी व शैक्षणिक संगठन के पदाधिकारियों को भी नहीं बख्शा। हालांकि पुलिस के पास सिर्फ जांगिड़ ब्राह्मण एजुकेशन ट्रस्ट के प्रधान ने जेब काटने की शिकायत दी है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने इस पर कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वह शिकायतों पर मामले दर्ज कर जेब कतरों का पता लगाए।
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार शाम को सोनीपत शहर में रोड शो निकाला था। रोड शो मुरथल अड्डा पर रात को संपन्न हुआ। इस दौरान जेब कतरों ने कई नेताओं व अन्य संगठन पदाधिकारियों की जेब काटकर नकदी व मोबाइल उड़ा लिए। इस संबंध में जांगिड ब्राह्मण एजुकेशन ट्रस्ट के प्रधान सत्यपाल जांगड़ा ने पुलिस को बताया कि आठ मरला स्थित पीएनबी के पास उसकी जेब काटकर 55 हजार रुपये निकाले गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कई अन्य लोगों की जेब काटने की भी जानकारी मिली है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही भाजपा के जिला प्रवक्ता नीरज आत्रेय के भी दो मोबाइल चोरी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि रोड शो में उनके साथ ही भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मोहन लाल बडौली का मोबाइल फोन, सोनीपत मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला की जेब से 35 हजार रुपये, सोनीपत मंडल महामंत्री शशिकांत भारद्वाज की जेब से 20 हजार रुपये व एटीएम कार्ड भी चोरी कर लिया गया। इतना ही नहीं व्यापारी पिंटू जैन के भी रोड शो में भीड़ के दौरान मुरथल अड्डा के पास एक लाख रुपये जेब से गायब हो गए। हालांकि इसे लेकर पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है।
---
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करे पुलिस
सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने इसे लेकर कहा कि पुलिस को जेब कतरों का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज करने व सीसीटीवी आदि की मदद से जेब कतरों का पता लगाने को कहा गया है।