कार से 1.80 लाख रुपये उड़ाए, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। शहर में कार को अनलॉक छोड़कर सामान खरीदने जाना एक व्यक्ति के लिए मुसीबत बन गया। इसी दौरान चोर कार के अंदर से 1.80 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव लल्हेड़ी खुर्द निवासी राजसिंह ने बताया कि उसने शुक्रवार को नगरपालिका रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये निकलवाए थे। वह अपनी कार के डेशबोर्ड पर नकदी रखकर परचून की दुकान से घर का सामान लेने चला गया। इस दौरान वह कार को लॉक करना भूल गया। जब वह सामान खरीदकर वापस आया तो उसने देखा कि कार की खिड़की खुली हुई थी। उसने तुरंत कार का डेशबोर्ड खोल कर देखा तो उसमें रखे पैसे गायब थे। जिस पर उसने आसपास पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोर का पता लगाने के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।