नहर में डूबी महिला का नहीं लगा सुराग, वाहनों की लाइन जरूर लगी
पहले दिन दो बाइक मिलने के बाद अब एक सेंट्रो कार व एक ओर सीडी डीलक्स बाइक बरामद
किसी अपराध को करके वाहन नहर में फेंकने या लोगों के नहर में गिरकर बहने की आशंका
वाहनों के आधार पर मालिकों का पता लगाकर जांच करेगी पुलिस
नहर का जलस्तर छह फुट तक किया गया कम
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव बड़वासनी के पास नहर में डूबी निकिता (24) का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। महिला शनिवार रात को अपने पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर पूजन सामग्री प्रवाहित करने पश्चिमी यमुना लिंक नहर पर आई थी। इसी दौरान स्कूटी के अनियंत्रित होने से दोनों नहर में गिर गए थे। महिला का पति बाहर निकल आया था।
पुलिस व प्रशासन की देखरेख में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया है। नहर का जलस्तर भी छह फुट तक कम किया गया है। जलस्तर कम होने से नहर में वाहन मिलने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। अब एक सीडी डीलक्स बाइक व सेंट्रो कार को बरामद किया गया है। पुलिस उनके मालिकों का पता लगा रही है। देर शाम तक भी महिला का कोई सुराग नहीं लग सका था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार हितेंद्र के साथ ही सदर थाना प्रभारी दलबीर व सिटी थाना प्रभारी राजपाल सिंह भी तलाशी अभियान के दौरान मौके पर डटे रहे। गोताखोर व मोटरबोट के साथ एनडीआरएफ की टीम भी तलाशी में लगी है।
नहर का पानी दूसरी नहर में किया डायवर्ट
दिल्ली में पेयजल सप्लाई के लिए बनाई गई नहर में महिला के डूबने के बाद परिजनों ने जाम लगा दिया था। जिस पर प्रशासन ने अनुमति लेकर नहर का पानी छह फुट तक कम कराया है। नहर के पानी को साथ ही पैरलल नहर में डालकर दिल्ली पहुंचाया जा रहा है। सिंचाई विभाग के एक्सईएन नवतेज सिंह ने बताया कि नहर का पानी दूसरी नहर में डायवर्ट किया गया है। जिससे दिल्ली में पानी की दिक्कत न हो सके।
कार पर बंधी थी रस्सी, नहीं थी नंबर प्लेट
पुलिस ने बड़वासनी व महलाना के बीच सेंट्रो कार को बरामद किया है। कार में दलदल भरी मिली है। नहर से निकालते हुए कार की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार की खिड़की पर एक रस्सा भी बंधा मिला है। कार में दोनों तरफ नंबर प्लेट भी नहीं मिली है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं कार में अपराध की वारदात को अंजाम देकर नहर में नहीं फेंका गया हो। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि कार नहर में स्वयं तो नहीं गिर गई थी और इसके सवारों का क्या रहा। वहीं नहर से सीडी डीलक्स बाइक भी मिली है। जिस पर दिल्ली के अधूरे नंबर मिले हैं। पुलिस का कहना है कि कार व बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर देखकर उनके मालिकों का पता लगाया जाएगा।
वर्जन
नहर में स्कूटी गिरने से डूबी महिला की तलाश की जा रही है। इसके लिए जलस्तर भी कम कराया गया है। नहर में दूसरे दिन एक कार व बाइक बरामद की गई है। जिनके बारे में पता लगाया जाएगा। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
-दलबीर दांगी, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।