दिल्ली और चंडीगढ़ तक में भी दी दबिश, मास्टर माइंड की गिरफ्तारी से खुलेंगे कई अहम राज
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। पुलिस भर्ती परीक्षा पास कराने के नाम पर परीक्षार्थियों से ठगी करने के मामले में फरार चल रहे मास्टर माइंड की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इसके लिए टीम ने दूसरे प्रदेशों में भी छापेमारी की है। सरगना की गिरफ्तारी के बाद ही मामले में कई अहम राज खुल सकेंगे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नौकरी लगवाने के लिए अपने रिश्तेदारों तक को झांसे में ले रखा है। वहीं मास्टर माइंड संदीप ने प्रवीण का कर्ज उतारने के लिए उसे षड्यंत्र में शामिल किया था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
विदित रहे कि रविवार सुबह सीआईए-2 की टीम को गश्त के दौरान पता लगा था कि कुछ युवक पुलिस भर्ती परीक्षा पास कराने के नाम पर परीक्षार्थियों से ठगी करने का षड्यंत्र बना रहे हैं। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने वहां से रोहतक के गांव पाकस्मा फिलहाल देव नगर सोनीपत निवासी प्रवीण, गांव माहरा निवासी अशोक व जतिन और लड़सौली निवासी जितेंद्र को काबू किया था। पुलिस का दावा था वहां उनके पास 25-30 युवक बैठे थे। जिन्हें आरोपियों ने कहा था कि उनके साथी गांव बजाना निवासी संदीप का मैसेज आते ही वह उन्हें परीक्षा करने का तरीका बता देंगे। तभी वह पकड़े गए थे। एसआई कुलदीप के बयान पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत व षड्यंत्र का मामला दर्ज कर लिया था। आरोपियों ने परीक्षार्थियों से 6 से 10 लाख रुपये में सौदा कर रखा था। मामले का मास्टर माइंड बजाना निवासी संदीप अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए दिल्ली के साथ ही चंडीगढ़ में कई स्थानों पर दबिश दी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संदीप की गिरफ्तारी से ही कई अहम खुलासे हो सकेंगे।
कर्ज उतारने के लिए प्रवीण को षड्यंत्र में किया शामिल
हरियाणा पुलिस सिपाही भर्ती मामले में परीक्षार्थियों से ठगी करने के मास्टर माइंड संदीप कादियान ने अपना कर्ज उतारने के लिए षडं्यत्र में प्रवीन को शामिल किया था। संदीप पर प्रवीन का साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज है। अब प्रवीन अपने पैसे वापस मांग रहा था। इसी बीच संदीप ने उसे भर्ती के जरिए और रुपये कमाने की बात कह अपने साथ शामिल कर लिया। प्रवीण को शिकार तलाशने का काम सौंपा गया था। यह बात पुलिस पूछताछ में कबूल की है।
रिश्तेदारों को भी झांसे में लिया
प्रवीण ने नौकरी लगवाने के लिए अपने ही रिश्तेदारों व जानकारों को झांसे में ले लिया। नौकरी के नाम पर झांसे में आने वालों में प्रवीन के ताऊ के लड़के के साथ ही उसका बहनोई व बहनोई का चचेरा भाई भी शामिल बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20-25 एडमिट कार्ड बरामद किए थे। जिसके आधा पर पुलिस मामले की तह तक जाने में लगी है।