हरियाणा के सोनीपत के गांव खेवड़ा के पास से माइनिंग कंपनी के कैशियर से 2.72 लाख लूटने के बाद उसका कार में अपहरण कर गांव खेवड़ा में ले जाकर पीटने का मामला सामने आया है। मामले का पता लगने पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए।
कबीरपुर निवासी अजीत सैनी ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह खेवड़ा स्थित माइनिंग कंपनी एसएस बायो एनर्जी प्रोजेक्ट में कैशियर का काम करता है। वह रविवार को कंपनी से 2.72 लाख रुपये लेकर बाइक पर निकला था। जब वह कंपनी से कुछ दूर पहुंचा तो गांव खेवड़ा निवासी रवि कार में साथियों संग आया और उसे रोक लिया। उसने उससे नकदी लूट ली। उसके विरोध करने पर आरोपियों ने उसे कार में डाल लिया।
वह उसका अपहरण कर गांव खेवड़ा में ले गए। वहां उन्होंने उसे अपने ऑफिस में ले जाकर उसे पीटा और बाद में अंदर बंद कर दिया। वहां पर उसका साथी पवन, जोगिंद्र, अमरजीत व अन्य भी थे। उन्होंने उसे धमकी दी कि उन्होंने पिस्तौल मंगवाई है। वह उसे मार देंगे।
इसी बीच उसके बेटे को पता लगा तो उसने पुलिस को फोन कर दिया। डॉयल-112 की टीम गांव खेवड़ा में पहुंची। इसी बीच आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। अजीत ने मामले से माइनिंग कंपनी के मालिक को अवगत कराया। उसके बाद उनके साथ राई थाने में जाकर शिकायत दी। राई थाना पुलिस ने अपहरण व लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ऑफिस से भी नकदी ले जाने का आरोप
अजीत सैनी ने बताया कि आरोपियों के साथ एक युवक मनीष भी था। वह साथियों के साथ उनकी खनन कंपनी के कार्यालय में घुस गया। वहां से भी वह नकदी निकाल कर लाए हैं। पुलिस ने मनीष की भी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस सीसीटीवी की भी जांच कर रही है।
माइनिंग कंपनी के कैशियर ने लूटपाट व अपहरण करने के बाद मारपीट का आरोप लगाया है। आरोपी भी माइनिंग कंपनी में पहले साझीदार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही सच्चाई से पर्दा उठाया जाएगा। - इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई