शवगृह के बाहर पुलिस से बात करते मृतक के परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के झज्जर जिले के बादली कस्बे के गांव सौंधी में एक विवाह समारोह में गुरुग्राम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या दामाद ने की। इसके बाद दूसरे ससुरालियों को मारने के लिए गुरुग्राम पहुंच गया। चाचा ससुर को आरोपी ने पांच गोलियां मारीं। बादली थाना पुलिस ने बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसको पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें सक्रिय हैं।
गुरुग्राम के गांव खांडसा निवासी गंगा बिशन उर्फ दीपक पुत्र खजान अपनी भतीजी की ससुराल गांव सौंधी में विवाह समारोह में शामिल होने आया था। शादी समारोह में ही भतीजी के पति उमेश उर्फ बंटू ने किसी बात को लेकर दीपक पर गोलियां दाग दीं। पांच गोलियां गंगा जीवन को लगीं। इससे दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। इतना ही नहीं हत्या करने बाद उमेश मृतक के गांव खांडसा (गुरुग्राम) पहुंच गया।
यहां उसने अपने रिश्तेदारों के मकान का दरवाजा खटखटाया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। उमेश ने उनके घर के बाहर ललकारा तो दरवाजा नहीं खोला। पुलिस बुलाने की चेतावनी दी तो वह भाग गया। दीपक के भतीजे माइकल पुत्र बलवान सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर पता लगाया तो जानकारी हुई कि उसके चाचा गंगा बिशन उर्फ दीपक की उमेश ने हत्या कर दी है। लाश लॉर्ड कृष्णा हॉस्पिटल फरुखनगर में है। पुलिस ने अस्पताल और गांव सौंधी में घटनास्थल का मुआयना। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चलेगा।
बता दें कि गंगा बिशन के भाई की मौत काफी समय पहले हो गई थी। उसने ही अपने भाई के परिवार का पालन पोषण किया है। गंगा जीवन ने ही अपनी भतीजी मोनिका की शादी आरोपी उमेश से करवाई थी। मगर उसे क्या पता था कि जिसे वह अपनी भतीजी को जीवन साथी के रूप में चुन रहा है वही उसकी मौत का कारण बनेगा। थाना प्रबंधक ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिस व्यक्ति गंगा बिशन की पांच गोली मारकर हत्या की गई है वह गांव सौंधी में ही शादी समारोह में आया हुआ था। आरोपी उमेश के साथ उसका विवाद हो गया था। हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें सक्रिय हैं। गंगा बिशन की भतीजी की शादी वर्ष 2016 में उमेश के साथ हुई थी। वह करीब साढ़े चार साल की बेटी का पिता है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा। - इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, एसएचओ, बादली