अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। बुजुर्ग महिला से नकदी लूटने वाले बदमाशों से पुलिस ने रिमांड के दौरान लूटी गई पौने तीन लाख रुपये की नकदी में से 74 हजार रुपये बरामद किए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
शहर के विकास नगर की रहने वाली सानो देवी ने 2 नवंबर को पुलिस को बताया कि वह दिल्ली शिक्षा बोर्ड से सेवनिवृत्त है। उसकी पोती की 12 नवंबर को शादी होने वाली है। बेटे की एक साल पहले सडक हादसे में मौत हो गई थी। जिसके चलते शादी की तैयारी वह स्वयं कर रही है। सानो देवी वीरवार दोपहर को स्टेट बैंक की शाखा में गई थी। वहां से उसने डेढ़ लाख रुपये की नकदी निकाली थी। वहां से वह रोहतक रोड स्थित सेंट्रल बैंक में गई और वहां से भी एक लाख रुपये लेकर बैग में रख घर की तरफ चल दी। बैग में नकदी निकालने से पहले भी 25 हजार रुपये व मोबाइल रखा था। इस तरह उसके पास पौने तीन लाख रुपये की नकदी हो गई। वह विवेकानंद स्कूल के पास वाली गली में पहुंची तो बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी थी, जिसमें पुलिस ने दो बदमाशों सुशील निवासी वेस्ट रामनगर व भूपेंद्र निवासी आर्यनगर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया था। सेक्टर 23 चौकी प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर लूट के 74 हजार रुपये बरामद किए गए है। वहीं आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।