सोनीपत। बंदेपुर में बिजली तार टकराने पर निकली चिंगारी से एक एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। इसका पता चलने पर पहुंचे किसानों व लोगों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही आग को बुझा दिया। गेहूं की फसल में आग लगने की जानकारी होने पर पुलिस और बिजली निगम कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लोगों से आग लगने के कारणों के बारे में पूछताछ की। लोगों ने बिजली निगम की लापरवाही से आग लगने की बात बताई और लाइन को ठीक करने की कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं करने की बात कही।
शादीपुर निवासी विष्णु ने बंदेपुर गांव में 37 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से दो एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई है। विष्णु ने जमीन में गेहूं की फसल बोई थी। इस जमीन के पास से बिजली लाइन गुजर रही है और वहां से गुजर रही दोनों लाइन एक-दूसरे को क्रॉस कर रही हैं। इस कारण ही शनिवार दोपहर में विद्युत लाइन के तार आपस में टकरा गए। तार के टकराने के बाद उठी चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग को लगी देख किसान विष्णु समेत आसपास के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। वहीं एक व्यक्ति ने फायर बिग्रेड और बिजली निगम को भी आग की सूचना दी। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। वहां लोगों ने बिजली निगम कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। आरोप था कि जो तार आपस में टकराने पर निकली चिंगारी से आग लगी है, उसे ठीक करने के लिए वह कई बार निगम में शिकायत दे चुके हैं। उसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। बिजली कर्मचारी ने लोगों के गुस्से को देख जल्द ही विद्युत लाइन को ठीक करने का आश्वासन दिया।