अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव रोहणा में पूर्व फौजी के साथ दो युवकों ने मारपीट कर सड़क पर फेंक दिया। आरोप है कि युवक उसकी जेब से 52 हजार रुपये भी उड़ा ले गए। घायल अवस्था में वह घर पहुंचा और मामले से परिजनों को अवगत कराया। पूर्व फौजी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रोहणा निवासी सुरेंद्र का कहना है कि वह फौज से सेवानिवृत्त है। वह 31 दिसंबर की रात को किसी काम से गांव के पास स्थित एक होटल पर गया था। जब वह रात को अपने घर जाने लगा तो उसकी बाइक में हवा नहीं है। वह अपनी बाइक को पैदल ही लेकर गांव की तरफ चल गया। वह टायर पंचर लगाने वाले की दुकान पर पहुंचा। जहां पर उसने दुकान मालिक मंजीत से पंचर लगाने को कहा तो उसने मना कर दिया। उसने कहा कि पंचर नहीं लगा रहे तो हवा भर दो। इस पर दुकान के बाहर बरामदे में सो रहे दो लोगों ने उसे गाली देनी शुरू कर दी। जिसका उसने विरोध किया तो उन्होंने उस पर लाठी व रॉड से हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसे बाइक सहित सड़क पर फेंक दिया। उन्होंने कहा कि कोई वाहन इसे कुचल देगा और लोग समझेंगे कि यह सड़क हादसे में मर गया। वह हिम्मत जुटाकर सड़क किनारे पहुंचा और उसने एक ट्रक चालक को आपबीती बताते हुए पास के ठेके से लोगों को बुलाकर लाने की बात कही, जिसके बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान उसका पर्स गायब हो गया, जिसमें 52 हजार से ज्यादा की नकदी थी। परिजनों द्वारा घायल को सीएचसी खरखौदा में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।