अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
दिल्ली से इनोवा गाड़ी को बुकिंग कर लाने के बाद गांव गढ़ी हकीकत के पास लूटने के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी मूलरूप से गांव बड़वासनी फिलहाल दिल्ली के कृष्ण विहार निवासी संदीप उर्फ तेजेंद्र को काबू कर पुलिस ने रिमांड पर लिया था। उससे लूटी गई इनोवा पहले ही बरामद कर ली थी।
बता दें कि मूलरूप से जम्मू के राजौरी फिलहाल चिराग दिल्ली निवासी मोहम्मद शरीफ ने वीरवार को मोहाना थाना में शिकायत दी थी कि वह अपनी इनोवा गाड़ी को टैक्सी में चलाता है। सुबह एक युवक ने दिल्ली के ग्रीन पार्क से उसकी इनोवा गाड़ी को सोनीपत जाने के लिए बुक किया था। सोनीपत आने के बाद युवक ने कहा था कि उसे अपनी बहन को गांव से लेकर आना है। लजिसके चलते वह उसे लेकर चल दिया था। गांव गढ़ी हकीकत के बस अड्डे पर युवक ने पिस्टल दिखाकर उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया था और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गया था। मोहाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ में नियुक्त एएसआई रमेश, सुरेश तुमार, अनिल व धीरज की टीम ने संदीप को लूटी गई गाड़ी सहित काबू कर लिया था। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस को मोहाना के पास से बरामद कर लिया है।
लूट के आरोपी को काबू करने के बाद उससे अब हथियार भी बरामद कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इंदीवर, प्रभारी, सीआईए सोनीपत।