गन्नौर (सोनीपत)। जीटी रोड पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टेहा गांव के पास पुलिस नाके को टक्कर मार दी। हादसे में नाकाबंदी के दौरान नाके पर मौजूद पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने बस का पीछा करते हुए चालक को पकड़ लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।दिल्ली में वाहनों पर ओड ईवन लागू किया गया है। इसके चलते शुक्रवार देर शाम दिल्ली में भारी वाहनों कोजाने से रोकने के लिए हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल पवन, एएसआई दलशेर जीटी रोड पर टेहा गांव के निकट नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान पानीपत की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पुलिस नाके को सीधी टक्कर मार दी। नाके पर मौजूद उक्त पुलिस कर्मियों ने छलांग लगाते हुए अपनी जान बचाई। इस पर पुलिस कर्मियों ने बस का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बस चालक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान रेवाड़ी निवासी रामकुमार के रूप में दी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।