अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
युवती के साथ गैंगरेप के बाद उसकी निर्मम हत्या करने के मामले में पुलिस की तरफ से एक माह बाद भी चालान पेश नहीं किया जा गया है। सोनीपत की युवती के साथ हुई दरिंदगी का खुलासा 11 मई को हुआ था। इसके बाद पुलिस महानिदेशक बीएस संधु ने कहा था कि एक माह के अंदर चालान पेश दिया जाएगा। साथ ही इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाएगी और चार माह के भीतर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। लेकिन वारदात के एक माह से पांच दिन अधिक होने के बावजूद चालान पेश नहीं हो सका है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक का कहना है कि चालान तैयार हो चुका है। डीएनए रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आते ही चालान पेश किया जाएगा।
विदित रहे कि रोहतक स्थित पार्श्वनाथ सिटी में एक युवती का शव 11 मई को बरामद किया गया था। उसके सिर व चेहरे पर ईंटों से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। उसकी शिनाख्त सोनीपत निवासी के रूप में हुई थी। युवती घर से तीन दिन पहले लापता हुई थी। वारदात का खुलासा कीर्ति नगर के सुमित को सीआईए द्वारा तमंचे सहित पकड़े जाने पर हुआ था। उसने बताया था कि वारदात में कबीरपुर निवासी उसका साथी विकास के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि सुमित व विकास दोनों ने युवती से दुष्कर्म किया था। सुमित युवती को साथी विकास की कार में रोहतक ले गया था। बाद में चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या कर दी थी। फिर बर्बरता करते हुए उसके चेहरे को ईंटों से कुचल दिया था। मामला मीडिया में छाने के बाद डीजीपी बीएस संधु ने सोनीपत पहुंचकर पत्रकारों से बातचीत की थी। उन्होंने मामले को बेहद संवेदनशील मानकर गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि रोजाना के आधार पर इस मामले की कोर्ट में पैरवी की जाएगी और पुलिस का प्रयास रहेगा कि इस मामले में चार माह के भीतर ही फैसला हो जाए। उन्होंने कहा था एक माह में चालान कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस इस मामले में सबूत मिटाने के आरोप में पंकज नाम के युवक को भी काबू कर चुकी है।
परिजनों ने कहा, अब पुलिस ने मांगा जाति प्रमाण-पत्र
युवती के परिजनों ने बताया कि पुलिस ने मामले में अब चालान पेश करने के लिए जाति प्रमाण पत्र मांगा है। पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके लिए चालान के साथ पुलिस को युवती का जाति प्रमाण-पत्र भी देना होगा। पुलिस ने इसकी जानकारी अब दी है। परिजनों ने मांग की है कि पुलिस को इस मामले में तेजी लाते हुए दोषियों को जल्द सजा दिलानी चाहिए।
गैंगरेप के मामले से जुड़े सभी आरोपी काबू किए जा चुके हैं। कोर्ट में पेश करने के लिए चालान तैयार किया जा चुका है। पुलिस डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसे चालान के साथ लगाया जा सके। डीएनए रिपोर्ट इस मामले में ठोस सबूत है। पुलिस दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने को प्रयासरत है।
अश्विन शैणवी, पुलिस अधीक्षक
सोनीपत की बेटी से गैंगरेप और हत्या का मामला
तय समय में चालान नहीं पेश कर सकी पुलिस
डीजीपी ने एक माह में चालान पेश करने का दिया था भरोसा
एसपी बोले- डीएनए रिपोर्ट मिलते ही पेश किया जाएगा चालान