आग लगने के बाद कमरे में बिखरा सामान।
- फोटो : संवाद
सोनीपत के कुंडली की प्याउ मनियारी स्थित हर्षवर्धन कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक घर पर आग लग गई। इस दौरान घर पर मौजूद चार बच्चे अंदर फंस गए। आग लगने की वजह से 14 साल के किशोर की मौत हो गई, जबकि 13 साल की मौसेरी बहन बुरी तरह से झुलस गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई।
मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी निवासी सितेंद्र अपने परिवार के साथ कुंडली की हर्षवर्धन कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते हैं। सितेंद्र की दो बेटियां व एक बेटा सूरज था। सितेंद्र और उसकी पत्नी सीता देवी कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों काम पर गए हुए थे। घर पर उनका 14 साल का बेटा सूरज अपनी दो बहनों साथ था।
रिश्तेदार उमेश ने बताया कि उसकी बेटी पूजा भी अपने मौसा सितेंद्र के कमरे पर गई हुई थी। वह अपने मौसरे भाई-बहनों के पास खेल रही थी। अचानक देर शाम कमरे में आग लग गई। चारों बच्चे कमरे में फंस गए। आग की चपेट में आने से 14 साल के सूरज की मौत हो गई। उमेश की बेटी पूजा गंभीर रूप से झुलस गई। उसे नरेला के सत्यवादी राजा हरीशचंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुंडली थाना के एसएचओ सेठी मलिक ने कहा कि पुलिस आग लगने की जांच कर रही है।