सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत को लेकर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। भटसाना गांव निवासी महिला मोनिका को डिलीवरी के दर्द के चलते रविवार 27 जुलाई को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रात के समय मोनिका ने बेटे को जन्म दिया। नॉर्मल डिलीवरी के एक घंटे बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन शव को लेकर गांव भी चले गए थे, लेकिन अंतिम संस्कार से पहले शव लेकर वापस अस्पताल आ गए। परिजनों ने कहा कि वे बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाएंगे और लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी।
भटसाना गांव निवासी मोनिका का यह तीसरा बच्चा हुआ था, जिसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। मोनिका का पति मजदूरी करता है। 2 बार तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर के पास परिवार गया था लेकिन घंटे तक कोई नहीं आया।
सरकारी अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव के पास मृतका के परिजन पहुंचे और पूरे मामले की जांच करवाए जाने की मांग रखी। डॉ. सुरेंद्र ने कहा कि डिलीवरी के पहले और बाद में किसी महिला की मौत होती है तो विभाग जांच करता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेगा कि महिला को कार्डियक अरेस्ट हुआ है या किसी दूसरी वजह से उसकी मौत हुई है। इस मामले में भी उनकी टीम जांच करेगी और रिपोर्ट डीसी को सौंपी जाएगी।