कंवाली स्थित बैटरी प्लेट गलाने की फैक्टरी में 23.91 लाख की डकैती
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। गांव कंवाली स्थित बैटरी की प्लेट गलाने की फैक्टरी में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 23.91 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया। बदमाश 22 लाख रुपये कीमत की लेड ईंट और करीब 1.91 लाख रुपये की नकदी ले गए। वारदात को अंजाम देकर 20-25 बदमाश फैक्टरी से मालिक की कार भी लेकर फरार हो गए थे, जिसे पुलिस ने पीपली गांव के पास से बरामद किया है। बदमाश करीब साढ़े तीन घंटे फैक्टरी में रहे और उन्होंने मालिक व लेबर को बंधक बनाए रखा। बदमाशों ने शराब पीकर वारदात को अंजाम दिया। मजदूरों ने बंधन मुक्त होकर मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फैक्टरी मालिक के बयान पर डकैती व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
सोनीपत की जैन बाग कालोनी निवासी सहदेव दून ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के गांव टटेसर निवासी सुधीर व पंजाब खोड़ निवासी सुनील के साथ मिलकर गांव कंवाली में एसएस इंडस्ट्री के नाम से फैक्टरी चलाता है। उनकी फैक्टरी में पुरानी बैट्रियों से प्लेट का स्क्रैप निकाल उसे गलाकर लेड तैयार किया जाता है। शनिवार की रात को वह कंपनी में मौजूद था। फैक्टरी में मुंशी व दो मजदूर काम कर रहे थे। 14 अन्य मजदूर फैक्टरी परिसर में बने कमरों में सोए हुए थे। रात करीब एक बजे 20-25 नकाबपोश बदमाश फैक्टरी की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने अंदर आकर मुंशी व दो कर्मियों के साथ ही मालिक सहदेव दून को भी हथियार के बल पर कब्जे में कर लिया। बाद में वह उनके हाथ बांधकर परिसर में सो रहे अन्य मजदूरों को लेकर मालिक के केबिन में आ गए। वहां सभी के हाथ बांधकर दीवार की तरफ चेहरा कर खड़ा कर दिया। बाद में सभी को केबिन से बाहर मजदूरों के कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। हथियारबंद बदमाश फैक्टरी से 325 लेड (मेटल) की प्लेट जिसका वजन करीब 8125 किलो था के साथ 109 पुरानी बैटरियां, कई मोबाइल, एक डबल बैटरी का इनवर्टर व एक सिंगल बैटरी का इनवर्टर ले गए। इस सामान की कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही बदमाशों ने मालिक के केबिन में रखे करीब 20 हजार रुपये व मालिक के पर्स से करीब 10 हजार रुपये भी लूट लिए। बाद में बदमाश भागते हुए फैक्टरी मालिक की रिट्ज कार को भी साथ ले गए। कार के अंदर 1.61 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। बदमाशों ने फैक्टरी में लगे सीसीटीवी की डीवीआर को उठाकर भट्ठी में फेंक दिया। बाद में बदमाश लूटी गई कार को पीपली में केएमपी एक्सप्रेस-वे के पास छोड़ गए, लेकिन उसके अंदर से रुपये गायब मिले।