अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
गांव चिटाना के पास कैब चालक को गन प्वाइंट पर काबू कर कार, नकदी व मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी झज्जर के गांव बराही का रहने वाला मंजीत है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी ने ही ओला कंपनी में फोन कर टैक्सी की ऑनलाइन बुकिंग की थी। बाद में उसके दो साथियों ने कार, नकदी व मोबाइल लूट लिए थे। पुलिस उसके दो साथियों का पता लगा रही है।
पीरागढ़ी से सोनीपत के लिए बुक की थी कैब
दिल्ली के संगम विहार की गली नंबर 27 निवासी गुलफान ने आठ जून को मोहाना थाना पुलिस को बताया था वह अपनी इंडिगो कार को ओला कैब में चलाता है। बुधवार शाम को कैब कंपनी की तरफ से फोन आया था कि दो युवकों ने पीरागढ़ी से सोनीपत के लिए कार टैक्सी में लेकर जानी है। इस पर वह पीरागढ़ी से उन्हें अपनी कार में लेकर सोनीपत के लिए चल दिया था। बाद में युवक उसे गांव चिटाना की तरफ ले गए थे। चिटाना के पास पहुंचते ही युवक ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया था। साथ ही दूसरे ने पिस्तौल अड़ा दी थी। वह उसके हाथ-पैर व मुंह पर टेप लगाकर आठ हजार रुपये, आरसी, डीएल, आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन व गाड़ी ले गए थे। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया था।
मोबाइल नंबर जाली निकला
पुलिस ने जांच शुरू की तो बुकिंग का मोबाइल नंबर जाली पाया गया। बुकिंग में झज्जर के बराही निवासी युवक का मोबाइल नंबर दिया गया था। उसने गाड़ी बुकिंग करने से मना कर दिया। जिस पर ऑनलाइन बुकिंग की जांच हुई तो पुलिस ने मंजीत को काबू कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने ही बुकिंग कर कार को मंगवाया था। उसके साथियों ने लूटपाट को अंजाम दिया। पुलिस उसके साथियों का पता लगा रही है।
वर्जन
कैब लूट के मामले में मुख्य साजिशकर्ता को काबू किया गया है। उसे छह दिन के रिमांड पर लिया गया है, जिससे अन्य मामलों का पता लगाया जा सके। इससे कई मामलों से पर्दा उठ सकता है।
-सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, मोहाना थाना।