भट्ठे पर ट्रक में ईंट लोड कर रहे मजदूरों पर दीवार गिरी, दो की मौत, दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा (सोनीपत)। गांव खांडा स्थित केसरी ईंट-भट्ठे पर ट्रक में ईंट लोड करते हुए अचानक दीवार गिरने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई और दो अन्य मजदूर घायल हो गए। वह चिमनी में तैयार की गई ईंटों को निकालकर ट्रक में भर रहे थे। उसी समय दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। इसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक व घायल सभी मजदूर यूपी के बागपत जिले के निवाड़ा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव निवाड़ा निवासी शाजिद (22), इरफान (34), इकरार व राशिद गांव खांडा स्थित केसरी भट्ठे पर ट्रक में ईंट लोड करने व उतारने का काम करते थे। वह बुधवार सुबह ट्रक चालक सोनू के साथ गांव से भट्ठा पर आए थे। बुधवार देर शाम परिजनों को सूचना मिली कि भट्ठे में चिमनी के अंदर की दीवार (ईंट पकाने का हिस्सा) के पास से ईंट निकाल रहे थे। इसी दौरान दीवार भरभरा कर ढह गई। जिससे शाजिद व इरफान ईंटों के नीचे दब गए, वहीं इकरार व राशिद भी चोटिल हो गए। साथी मजदूरों ने शोर मचाया तो भट्ठे पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को ईंटों के नीचे से निकाला और उन्हें अस्पताल में ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर वीरवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की है।
तीन माह पहले हुई थी शाजिद की शादी, इरफान के चार बच्चे
हादसे का शिकार हुए शाजिद की महज तीन माह पहले ही शादी हुई थी। सामान्य अस्पताल में पहुंचे पिता मुस्तकीम ने बताया कि बेटे की शादी के महज तीन माह बाद ही मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। वहीं हादसे का शिकार हुए इरफान के पास चार बच्चे हैं। अब परिवार के सामने बच्चों के बेहतर लालन-पालन की समस्या खड़ी हो गई है।