बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में देश भर से पहुंचे प्रशिक्षकों को कोचिंग के नए मॉडयूल की जानकारी देते व
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। देश के प्रशिक्षकों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग सिखाई जाएगी। इसके लिए भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ मिलकर अपने प्रशिक्षकों को तैयार कर रहा है। बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में बुल्गारिया के वरिष्ठ कोच एवं प्रशिक्षक जार्जी को बुलाया गया है। उन्होंने बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में देशभर से पहुंचे 45 प्रशिक्षकों को कोचिंग के नए मॉड्यूल के बारे में विस्तार से बताया।
साई सेंटर मेें आयोजित शिविर में वरिष्ठ कोच एवं प्रशिक्षक जार्जी ने शिविर में देशभर से पहुंचे प्रशिक्षकों को कुश्ती के बदलते नियमों की जानकारी दी। इस दौरान प्रशिक्षकों को शारीरिक दक्षता के साथ पहलवानों के लिए कुश्ती के मानसिक व वैज्ञानिक गुर सिखाए। प्रशिक्षकों को बताया कि वे पहलवानों के शारीरिक स्वास्थ्य (फिटनेस) का ध्यान रखें। उनके खान-पान से लेकर अभ्यास करने के तरीकों पर लगातार नजर बनाए रखें। जो कमियां दिखें, उन्हें दूर करवाते हुए अभ्यास के तरीके बदलते रहें।
भारतीय कुश्ती संघ के कार्यकारी सचिव विनोद तोमर ने बताया कि देशभर से पहुंचे प्रशिक्षकों के लिए स्पेशल शिविर दो चरणों मेें आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के तत्वावधान में लेवल-1 का कोर्स करवाया जा रहा है, जो 9 दिसंबर तक चलेगा। उसके बाद 10 से 13 दिसंबर तक लेवल-2 का शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में देशभर से पहुंचे 45 प्रशिक्षकों में से जो प्रशिक्षक लेवल-1 का कोर्स करेगा, उसकी बाद में परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद ही वह लेवल-2 का कोर्स कर सकेंगे। दोनों कोर्स करने से प्रशिक्षकों का नवीनतम ज्ञान एवं कौशल बेहतर होगा। इसका लाभ देश के पहलवानों को मिलेगा।