गन्नौर। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट में 2600 करोड़ से होने वाले के विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण एवं पशुपालन मंत्री जय प्रकाश दलाल ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ विधायक निर्मल चौधरी भी मौजूद रहीं।
मंडी का जायजा लेने के बाद कृषि मंत्री ने बताया कि गन्नौर की बागवानी मार्केट उत्तर भारत की सबसे बड़ी मंडी बनेगी, जिसका प्रदेश के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। 20 वर्षों से यह काम अटका हुआ था, जिसे अब भाजपा सरकार सिरे चढ़ाने जा रही है। मंडी में पहले चरण में दो वर्षों के भीतर 2600 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। इसी के साथ ही अलग-अलग चरणों में दो साल के भीतर ही मंडी विकसित की जाएगी। निकट भविष्य में मार्केट को रेल लाइन से जोड़ने की परियोजना पर भी काम किया जाएगा। कहा कि मंडी शुरू होने पर यहां 30-40 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर एसडीएम अनुपमा मलिक, डीडीपीओ राजपाल सिंह, एसई राजेश कक्कड़, नगर पालिका गन्नौर के चेयरमैन अरूण त्यागी, रामकुमार धनखड़, मनिंद्र सन्नी सहित अन्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री इन कार्यों की भी रखेंगे आधारशिला
मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट में विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री भिवानी के बहल में बनने वाली नई सब्जी मंडी, लोहारू के सिवानी में बनने वाली नई अनाज मंडी, सिरसा के बाहरी इलाके में स्थित अनाज मंडी, सब्जी मंडी और लक्कड़ बाजार को विकसित करने, करनाल में मुनक पर्चेज सेंटर के नए सिरे से होने वाले विकास कार्य, सिरसा के कंवारपुरा में खरीद केंद्र के निर्माण कार्य और सिरसा के शेरपुरा में खरीद केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे
मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट में विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में है। जनसभा स्थल पर लगने वाले मुख्य मंच का निर्माण किया जा चुका है। वहीं वीआईपी व लोगों के बैठने की व्यवस्था मंच के सामने की गई है। जनसभा में पहुंचने वाले लोगों के लिए करीब 3 हजार कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। मुख्यमंत्री सुबह 11.50 बजे गन्नौर भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसके बाद वह जनसभा स्थल पर ही गन्नौर भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी में विकास कार्यों का शिलान्यास करने के साथ प्रदेश में होने वाले छह विभिन्न विकास कार्यों का भी शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री जनसभा स्थल पर ही मार्केट के माॅडल का अवलोकन करेंगे, जिसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री विधायक आवास पर जलपान करने के बाद वापस करनाल के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धारा 144 लागू, ड्रोन पर रहेगी पाबंदी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनसभा को लेकर अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जनसभा के सफल आयोजन को लेकर 8 आईपीएस व एचसीएस के नेतृत्व में करीब 700 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जगह-जगह पर 15 नाके लगाए गए हैं। मंडी में पुलिस द्वारा चेकिंग करने के बाद ही लोगों को प्रवेश मिल पाएगा। उपायुक्त की तरफ से सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम के आस-पास धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके अलावा 14 पुलिस राइडरों की टीम की तैनाती भी की गई है। जनसभा के दौरान आस-पास के इलाके में भी ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगाई गई है। वहीं शनिवार को डीसीपी गौरव राजपुरोहित ने मंडी में पहुंच कर पुलिस कर्मचारियों की रिहर्सल कराई। रिहर्सल के दौरान सभी पुलिस कर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहे। डीसीपी गौरव राजपुरोहित ने सभी पुलिस कर्मियों को कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर ही तैनात रहने के आदेश दिए।