फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

500 किलो रसगुल्लों में पड़ी थी चीटी व मक्खियां, 100 किलो दूध में गंदगी मिली, कराया नष्ट

विज्ञापन
राई स्थित अवैध फैक्टरी में संयुक्त कार्रवाई करती मुख्यमंत्री उडनदस्ते व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर गांव राई में राठधना रोड पर अवैध रूप से चल रही फैक्टरी में छापा मारा। फैक्टरी में जांच के दौरान 3500 किलो रसगुल्ले व 1000 किलो दूध मिला। इसमें से 500 किलो रसगुल्ले में चीटी व मक्खी और 100 दूध में गंदगी मिली। इस पर शुद्धता को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर 500 किलो रसगुल्ले व 100 किलो दूध को नष्ट कराया। फैक्टरी संचालक के पास रसगुल्ले बनाने के लिए लाइसेंस तक नहीं था। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी किया। साथ ही रसगुल्ले के दो सैंपल लेकर चंडीगढ़ लैब में जांच के लिए भेजें है, वहां से रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जा सकेगी।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, रोहतक से एसआई कृष्ण खत्री के नेतृत्व में टीम फैक्टरी में पहुंची। उसके साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम भी शामिल रहे। दोनों टीमों द्वारा संयुक्त रूप से जांच की गई। इस दौरान फैक्टरी व उसके अंदर ब गोदाम में 37 बड़े ड्रम और 12 छोटे ड्रम में 3500 किलो रसगुल्ले भरकर रखे मिले। बंद कमरे में बिना ढके हुए 500 किलो रसगुल्ले में चीटी और मक्खी पड़ी हुई थी। इसके अलावा 100 किलो दूध में गंदगी पाई गई। दिवाली पर्व के मौके पर इन रसगुल्लों को बाजार में सप्लाई किया जाना था। निम्न स्तर के यह रसगुल्ले लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते थे। संयुक्त टीम ने फैक्टरी संचालक से रसगुल्ले बनाने का लाइसेंस मांगा, लेकिन लाइसेंस नहीं होने के कारण खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी किया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने बताया कि फैक्टरी में जिस प्रकार से रसगुल्ले बनाए जा रहे थे, वहां पर सफाई व्यवस्था का कोई ध्यान नहीं रखा गया था। यहां से तैयार रसगुल्ले को 100 से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मार्केट में बेचा जाता था। पिछले कई महीनों से रसगुल्ला फैक्टरी चलाई जा रही थी। जहां इन दिनों बीमारियों का प्रकोप है, ऐसे में पैसों के लालच में लोगों के स्वास्थ्य के साथ बड़े स्तर पर खिलवाड़ किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया गया। इसके साथ रसगुल्ले के दो सैंपल लेकर चंडीगढ़ लैब में जांच के लिए भेजे गए। वहां से रिपोर्ट मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

गोहाना शहर से पांच मिठाइयों के सैंपल लिए
इससे पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गोहाना शहर में मिठाइयों की दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने पांच मिठाइयों के सैंपल लिए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने दुकानों से मावा, मावा बर्फी, बूंदी के लड्डू, पेठे के मिठाई व बेसन के लड्डू के सैंपल लिए है। इन सैंपलों को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेज दिया गया है। उनका कहना है कि लैब से सैंपलों की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दिवाली पर्व पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर ध्यान रखा जा रहा है। खराब खाद्य पदार्थों की किसी भी सूरत में बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें