सोनीपत। गांव सलीमसर टराली से रोलद मार्ग पर अचानक सड़क के बीच में आई नील गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार अतिथि अध्यापक की मौत हो गई और शिक्षिका घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। पुलिस ने अतिथि अध्यापक के शव को कब्जे में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव डबरपुर निवासी महा सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा संदीप कुमार (44) खानपुर के सरकारी स्कूल में अतिथि अध्यापक था। वह रोजाना की तरह वीरवार सुबह शिक्षिका रानी के साथ सोनीपत से खानपुर अपनी कार में सवार होकर जा रहा था। गांव सलीमपुर टराली से निकलते ही गांव रोलद लतीफपुर के पास अचानक नील गाय सड़क के बीच में आ गई। जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर पुलिया में जा टकराई। कार सवार उसका बेटा व शिक्षिका घायल हो गए। हादसे में उसके बेटे ने दम तोड़ दिया। राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल-112 व एम्बुलेंस कंट्रोल में दी। गांव जुआं स्थित शहीद भगत सिंह सामुदायिक केंद्र से एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। हादसे में घायल शिक्षिका को उपचार के लिए महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी मिल गई।