रोहतक से भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर मैं सरकार में शामिल होता तो महज दो घंटे में पहरावर गांव की जमीन गौड़ संस्था के नाम कर चुका होता। वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल की खिलाफत नहीं कर रहे हैं। वह अपना हक मांग रहे हैं, जो जमीन का मसला है, उसका जल्द समाधान कर लेना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मेरी सरकार में हिस्सेदारी नहीं मानते।
प्रदेश सरकार की ओर से गौड़ संस्था को दी जाने वाली जमीन की चिट्ठी के साथ भवन बनाने की भी जिम्मदारी लेनी चाहिए। सांसद अरविंद शर्मा रविवार को करनाल जाते समय मुरथल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ब्राह्मण समाज के लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर थे।
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि पहरावर गांव में ब्राह्मणों की जो 15 एकड़ 3 कनाल जमीन है, वह तुरंत गौड़ ब्राह्मण संस्था को दे देनी चाहिए। आखिर क्यों उसमें देरी की जा रही है? इसको समझने की जरूरत है। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने सिरसा में कहा कि यदि डॉ. अरविंद शर्मा सरकार में होते तो जानते कि फैसले कितनी देरी में होते हैं।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब मुख्यमंत्री उन्हें सरकार का हिस्सा नहीं मान रहे। यदि मैं सरकार में शामिल होता तो दो घंटे में संस्था को जमीन की चिट्ठी दे देता। केवल गौड़ ब्राह्मण संस्था की बात नहीं है, बल्कि किसी भी संस्था का यह मुद्दा होता तो उसे तुरंत हल करते। इसलिए वे मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि तुरंत जमीन दी जाए और यही नहीं, बल्कि उस जमीन पर बनने वाला भवन भी सरकार बनाकर दें।
सांसद अरविंद शर्मा ने अमृत योजना के तहत केंद्र सरकार से मिले बजट के मुद्दे पर कहा कि रोहतक में सीवर व पेयजल व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रदेश सरकार को 400 करोड़ रुपये जारी हुए थे। रोहतक जिले के कई ऐसे गांव बचे हुए हैं, जिनमें अमृत योजना के तहत एक ईंट तक नहीं लगी। सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जांच अवश्य करवानी चाहिए। इस संबंध में वह आलाकमान से भी मुलाकात कर चुके हैं।
पीएम मोदी की मन की बात की तारीफ, निकाय चुनाव पर फैसले का स्वागत
डॉ. अरविंद शर्मा ने यह भी जताने का प्रयास किया कि उनकी लड़ाई केवल मुख्यमंत्री से है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात में उठाए गए मुद्दों व सुझावों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने मन की बात में स्वच्छता पर काफी कुछ कहा है, हमें वे सब अपनाना चाहिए और प्रधानमंत्री का साथ देना चाहिए। अपने शहर व अपने इलाके को स्वच्छ रखें। साथ ही निकाय चुनाव भाजपा के अकेले लड़ने के फैसले का भी स्वागत किया और कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
सोनीपत का एहसान पूरी जिंदगी नहीं भूला सकता
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सोनीपत के लोगों का उन पर एहसान है। पहली बार सोनीपत की 36 बिरादरी ने मिलकर उन्हें सांसद बनाया था। सोनीपत के दिए दिन हैं कि आज वह चौथी बार सांसद हैं। उन्होंने कहा कि सोनीपत के लोगों का एहसान उन पर पूरी जिंदगी रहेगा। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत मिले बजट के खर्च की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा का गन्नौर जीटी रोड पर किया स्वागत
गन्नौर। रोहतक के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा का गन्नौर जीटी रोड पर पहुंचने पर स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने सांसद डॉ. अरविंद शर्मा को भाईचारे की पगड़ी पहना कर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कोई भी समाज निरंतर तभी आगे बढ़ सकता है जो 36 बिरादरी को एकजुट कर लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करें। आज जरूरत है कि जिस तरह मिलजुल कर परशुराम जयंती समारोह मनाया जा रहा है, उसी तरह बाबा साहब भीमराव आंबेडकर जयंती, महर्षि वाल्मीकि जयंती, गुरु रविदास जयंती, महाराणा प्रताप जयंती और भी अन्य महापुरुषों की जयंती सर्व समाज मिलकर मनाए। इस दौरान महाबीर शर्मा, सुनील शर्मा ठेकेदार, नरेश शर्मा, रामपाल कौशिक आदि मौजूद रहे।