पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि बूथ एवं शक्ति केंद्रों की मजबूत टीम के सहारे ही भाजपा विश्व में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल है। इसी टीम के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
वह रविवार को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए शुरू किए अभियान के पहले दिन बूथ अध्यक्ष के घर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। यह सिलसिला सोमवार को भी जारी रहेगा। रतनलाल कटारिया दो दिवसीय प्रवास के दौरान सबसे पहले सोनीपत विधानसभा के अहमदपुर में स्थित बूथ नंबर 202 पर बैठक लेने बूथ अध्यक्ष बलबीर सिंह के घर पहुंचे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि के बाद वंदे मातरम के गायन से बैठक की शुरुआत हुई। बैठक में रतन लाल कटारिया ने कहा कि बूथ हमारे मोर्चे हैं, जो कार्यकर्ता इन मोर्चों को फतह कर लेता है, उसे चुनाव में सफलता मिलती ही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जो बूथ टीम के सहारे ही आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन खाता खुलवाने समेत अनेक योजनाओं को जनता तक पहुंचा रहे हैं। इनके बलबूते ही भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है। इस दौरान जिला प्रभारी भगवान दास कबीरपंथी, सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा विस्तारक सतवीर यादव, मंडल अध्यक्ष ब्रह्मपाल सैनी उपस्थित रहे।
वार्ड नंबर-15 के शक्ति केंद्र की बैठक पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय के घर पर हुई, जिसमें कटारिया ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शक्ति केंद्र प्रमुख होने के नाते समन्वय से काम करने का मूल मंत्र दिया। बैठक में नवीन मंगल, नीरज आत्रेय, आजाद नेहरा, रविंद्र दिलावर, सुनीता लोहचब, बिजेंद्र मलिक, नरेश वर्मा, मुकेश बत्रा, अतुल जैन, प्रदीप बंसल, अनिल ग्रोवर, नंदा गुप्ता, संजय वर्मा, सीमा गोयल, अरविंद मित्तल, अनिल जैन, सुशील पराशर, सुनील रोहिल्ला आदि मौजूद रहे।