सोनीपत। वेस्ट रामनगर के युवक संग प्रेम विवाह करने वाली बहन से नाराज युवक चाकू लेकर बहन के घर पहुंच गया। युवती ने शोर मचाकर अपने देवर को बुला लिया और युवक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। बहन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने व अवैध शस्त्र अधिनियम में केस दर्ज कर लिया है।
गांव आहुलाना की युवती ने पुलिस को बताया कि उसने पांच महीने पहले वेस्ट राम नगर के रहने वाले युवक के साथ प्रेम विवाह किया है। उसके प्रेम विवाह से परिवार के सदस्य खुश नहीं है। इससे चलते वह उससे रंजिश रख रहे हैं। इसी रंजिश में उसका भाई मंगलवार को उनके घर पहुंच गया। उसने गली में खड़े होकर आवाज दी। जब वह बाहर आई तो उसके भाई के हाथ में चाकू था। उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसके शोर मचाने पर देवर ने आरोपी को चाकू सहित पकड़ लिया। संवाद