फाजिलपुर के पास निर्माणाधीन सीवर लाइन। संवाद
- फोटो : Sonipat
बिजली वितरण निगम मुख्यालय ने फाजिलपुर पावर हाउस की जमीन पर सीवर लाइन बिछाने की मंजूरी प्रदान कर दी है, उम्मीद है कि अगले सप्ताह लाइन जोड़कर अमरूत योजना के तहत शहर में बिछाई गई सीवर लाइन का काम शुरू हो जाएगा।
मुरथल रोड के साथ लगती कॉलोनियों में सीवर लाइन चल नहीं पा रही थी, क्योंकि मुख्य लाइन का कनेक्शन राठधना गांव स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से आ रही लाइन से जोड़ने के लिए फाजिलपुर पावर हाउस की 702 वर्ग मीटर जमीन चाहिए थी और यह मामला डेढ़ वर्ष से दोनों विभागों के बीच पत्राचार में उलझा हुआ था। सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बताया कि जब शहर के लोगों ने सीवर लाइन शुरू नहीं होने की शिकायत दी तो समस्या के समाधान के लिए नगर निगम व बिजली निगम के सात अधिकारियों की टीम बनवाकर मौका मुआयना करवाया गया व जमीन प्रयोग करने के बदले नगर निगम द्वारा बिजली वितरण निगम को प्रतिवर्ष 1 लाख 14 हजार 400 रुपये प्रति वर्ष की लीज राशि तय की गई। टीम ने केस बनाकर बिजली निगम के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय भेजा।
राजीव जैन ने बताया कि बिजली निगम की उच्च स्तरीय कमेटी ने जनहित में कार्य को ध्यान में रखते हुए दो दिन पूर्व ही मंजूरी प्रदान की। उन्होंने बताया कि अमरूत योजना के ठेकेदार को फाजिलपुर पावर हाउस में लाइन डालने की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि अगले सप्ताह मशीन व लेबर बुलाकर काम शुरू कर दिया जाएगा और एक सप्ताह में कार्य पूरा कर देंगे।
सीवर लाइन चालू होने से इनको होगा फायदा
सीवरेज कनेक्शन न होने की दशा में गांव फाजिलपुर, गढ़ शहजानपुर, जीवन विहार एक्सटेंशन, विकास नगर, राजीव कॉलोनी, मुरथल रोड, मैप्सको सिटी, सिद्धार्थ एन्क्लेव, देवडू रोड, चिंतपूर्णी कॉलोनी की सीवर व्यवस्था का स्थायी समाधान नहीं होता और अमरूत योजना में खर्च किया गया करोड़ों रुपये व्यर्थ चला जाता। अब चंडीगढ़ स्थित बिजली निगम मुख्यालय से फाजिलपुर पावर हाउस की 702 वर्ग मीटर जमीन पर सीवर लाइन बिछाए जाने की मंजूरी मिल गई है। सितंबर के पहले सप्ताह में सीवर लाइन जोड़ने का काम पूरा होने की उम्मीद है।