ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने अफगानिस्तान के छात्रों के लिए एडवांस फेलोशिप देने की घोषणा की है। अफगानी छात्रों के लिए अपने शैक्षणिक लक्ष्य व आकांक्षाएं बढ़ाने को 10 फेलोशिप प्रदान की जाएगी। एडवांस फेलोशिप पॉलिसी अफगानिस्तान के चयनित छात्रों को पीएचडी करने का अवसर प्रदान करेगी। वह पीएचडी कार्यक्रमों के लिए किसी भी स्कूल या संस्थान से डिग्री और जेजीयू की ग्लोबल फैकल्टी के साथ मिलकर काम कर सकेंगे। यह ऐसा अनुभव होगा जहां वह अकादमिक रिसर्च की बारीकियों को समझ सकेंगे।
यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ. सी. राज कुमार ने कहा कि फैलोशिप का उद्देश्य अफगानिस्तान के छात्रों को उनकी शोध क्षमताओं और बौद्धिक दक्षताओं को विकसित करने और उनके करियर के लिए एक बेहतर मार्ग प्रदान करने के लिए ऐसा किया गया है। यह नीति जनवरी 2022 के सेमेस्टर से लागू की जाएगी और मास्टर डिग्री या एमफिल पूरा करने वाले सभी अफगान छात्रों के लिए होगी। इसके अतिरिक्त जेजीयू फेलोशिप के रिसर्च स्कॉलर्स को उपयुक्त आवास, डाइनिंग हॉल की सुविधा और 50 हजार रुपये का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवरेज भी प्रदान करेगा। परफॉर्मेंस के आधार पर स्कॉलर्स को 25 हजार रुपये प्रति माह का भुगतान भी किया जाएगा।