सोनीपत। मोतीलाल नेहरु खेलकूद स्कूल राई में अखिल भारतीय आईपीएससी के मुकाबलों की मंगलवार को धमाकेदार शुरुआत हुई। प्रतियोगिता में 14 राज्यों के 1550 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें 27 स्कूलों की 135 टीमें 7 खेलों में जोर आजमाइश करेंगी। प्रतियोगिता के पहले दिन खेलकूद स्कूल में चारों तरफ खेल का खुशनुमा माहौल बना रहा। इसी कड़ी में खेल स्कूल राई के प्रधानाचार्य भी दौड़ में सबसे आगे होते हुए अपनी टीम का हौसला बढाने फुटबाल मैदान पर दिखाई दिए।
खेलकूद स्कूल राई के प्रधानाचार्य, निदेशक एवं हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष कर्नल अशोक मोर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान फुटबाल का पहला मैच खेल स्कूल राई व आर्मी पब्लिक स्कूल डगसई के बीच हुआ। खेल स्कूल राई के खिलाड़ी अरमान ने पांच गोल दागकर टीम को 12-0 से जीत दिलाई। साथ ही पीपीएस नाभा को भी 7-0 से हराया। बॉस्केटबाल में खेल स्कूल राई की टीम ने मेयो कालेज अजमेर की टीम को 88-28 के अंतर से हराया। सैनिक स्कूल कुंजपूरा की टीम ने मिल्ट्री स्कूल धौलपुर को 45-18 के अंतर से हराया। लॉरेंस स्कूल लवडेल की टीम ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगममेट को 45-28 के अंतर से हराया। मॉडर्न स्कूल बाराखंबा रोड नई दिल्ली की टीम ने पीपीएस नाभा की टीम को 52-17 के अंतर से हराया। हॉकी में खेल स्कूल की टीम ने लॉरेंस स्कूल लवडेल की टीम को 9-1 से हराया। पीपीएस नाभा की टीम ने लॉरेंस स्कूल लवडेल की टीम को 9-0 से मात दी। खेल स्कूल राई व मेयो कॉलेज अजमेर के बीच 1-1 से मुकाबला बराबर रहा।
कर्नल अशोक मोर ने बताया कि मुक्केबाजी में भी खेल स्कूल के खिलाड़ियों ने दबदबा बनाया। खेल स्कूल राई के प्रियांशु ने सैनिक स्कूल रिवा के छात्र कपिल को हराया। प्रियांशु के मुक्कों की वजह से कपिल की हालत खेलने लायक नही रही थी। जिस कारण रैफरी ने प्रियांशु को विजय घोषित कर दिया। खेल स्कूल राई के आयुष ने सैनिक स्कूल कुंजपूरा के विजय को, मणिकांत ने आर्मी स्कूल डगसई के शिवम ठाकुर को, दिव्यांश ने मिल्ट्री स्कूल बेलगांव के अनुज को हराया। खेल स्कूल राई के बॉक्सर सुनील को वाईपीएस पटियाला के मुक्केबाज अनुभव वर्मा से हार का सामना करना पड़ा।