सोनीपत। होली के मद्देनजर जिला नागरिक अस्पताल में 24 व 25 मार्च को विशेषज्ञ चिकित्सकों की ऑन कॉल ड्यूटी लगाई गई है। इससे होली पर होने वाले हुड़दंग के दौरान घायलों का तुरंत इलाज करवाया जा सकेगा। अन्य चिकित्सक बिना सूचित किए बाहर नहीं जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाएगा। अस्पताल में मरीजों के लिए दवाई की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
होली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। रविवार व सोमवार को ओपीडी बंद होने पर सिर्फ आपातकालीन सेवा ही चालू रहेगी। आपातकालीन सेवाओं में हुड़दंग के दौरान घायल होने वाले मरीजों के इलाज का सामान पर्याप्त मात्रा में मुहैया करा दिया गया है। आपातकालीन वार्ड में मरीजों के उपचार के लिए 24 घंटे अतिरिक्त चिकित्सक तैनात रहेंगे। ऑन कॉल चिकित्सक मौजूद रहेंगे। 24 मार्च को फिजिशियन डॉ. राकेश फोगाट, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप लाकड़ा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंघल व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली मित्तल तैनात होंगे। 25 मार्च को फिजिशियन डॉ. शैलेंद्र राणा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप लाकड़ा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंघल व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल सैनी तैनात होंगे। 24 और 25 मार्च को सुबह की शिफ्ट में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रेय, सायंकालीन शिफ्ट में डॉ. लतिका खत्री और रात्रि शिफ्ट में डॉ. विकास चहल ऑन कॉल पर अस्पताल में पहुंचेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से अपील की है कि होली पर्व पर खेलते समय सावधानी बरतें। खासकर मिलावटी व केमिकल युक्त रंग का प्रयोग न करें, ताकि वह बीमार पड़ने से बच सकें। उन्होंने लोगों से होली पर हुड़दंग से परहेज करने की भी सलाह दी।