चरखी दादरी। रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में चार से 16 दिसंबर 23 तक आयोजित की गई सेना भर्ती रैली में सफल रहे अग्निवीरों को 19 से 27 अप्रैल तक रेजिमेंटल केंद्रों पर भेजा जाएगा। दादरी स्थित सेना भर्ती कार्यालय से चार जिलों चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के उम्मीदवार भेजे जाएंगे।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल आनंद साकले ने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, ट्रेड्समैन, क्लर्क और स्टोर कीपर तकनीकी (सभी शस्त्र) सामान्य प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए थे। इनकी भर्ती रैली रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में पिछले साल हुई थी। योग्यता सूची में अधिकतम (893) उम्मीदवारों के साथ सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी ने पूरे हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में शीर्ष स्थान पाया। सेना भर्ती कार्यालय दादरी में चयन योग्यता में अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 669 उम्मीदवार, टेक्निकल के 57 और ट्रेड्समैन के 18 उम्मीदवार हैं। अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी (सभी शस्त्र) 149 उम्मीदवार के साथ पूरे भारत में अग्रिम स्थान पाया है।